उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक खाली टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से जा टकराया. इंडियन ऑयल डिपो के इस टैंकर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली के पोल टूटकर गिर गए और ट्रांसफार्मर टैंकर के चेंबर में फंस गया. चालक बिना रुके ट्रांसफार्मर को टैंकर के साथ लेकर नजीबाबाद स्थित ऑयल डिपो पहुंच गया. सीसीटीवी फुटेज से मामले का खुलासा हुआ और बिजली विभाग की टीम ने ट्रांसफार्मर वापस लाकर आपूर्ति बहाल की.
टैंकर से टकराया ट्रांसफार्मर, उड़े परखच्चे
पूरा मामला नहटौर क्षेत्र में स्थित फूलसदा गांव के पास 13 अक्टूबर की रात का है. नहटौर की तरफ से आ रहा इंडियन ऑयल डिपो का एक खाली टैंकर फूलसदा गांव के पास पहुंचा और अनियंत्रित होकर सीधे बिजली के ट्रांसफार्मर से भिड़ गया. टक्कर इतनी भयानक थी कि बिजली की लाइनों से जोरदार चिंगारियां निकलने लगीं और ट्रांसफार्मर समेत पोल टैंकर के ऊपर आ गिरे.
हैरान करने वाला कारनामा, डिपो तक गया ट्रांसफार्मर
रात का समय होने के कारण वहां ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे. टक्कर के बाद ट्रांसफार्मर टैंकर के चेंबर में ही फंस गया. चालक ने जब देखा कि ट्रांसफार्मर फंस गया है, तो उसने उसे निकालने के बजाय टैंकर को आगे बढ़ाया और सीधे नजीबाबाद स्थित इंडियन ऑयल डिपो जा पहुंचा.
गांव में कटी बिजली, खुला सीसीटीवी का राज
सुबह जब गांव की बिजली गुल मिली और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो ट्रांसफार्मर गायब मिला. बिजली विभाग के अधिकारियों ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उनके होश उड़ गए. फुटेज में साफ दिखा कि टैंकर चालक ट्रांसफार्मर को अपने साथ गाड़ी में फंसाकर तेल डिपो ले गया था.
कड़ी मशक्कत के बाद बहाल हुई बिजली
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद नजीबाबाद बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई. इसके बाद इंडियन ऑयल डिपो से टैंकर में फंसे ट्रांसफार्मर को वापस घटनास्थल पर लाया गया. बिजली विभाग की टीम ने नए सिरे से पोल और ट्रांसफार्मर स्थापित कर कई घंटे की मशक्कत के बाद गांव की बिजली आपूर्ति बहाल की.