उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक बेहद अजीब और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय लोगों को चौंका दिया है. मामला शहर के किले वाली मस्जिद के पास का है. जहां एक व्यापारी का एक लाख रुपये से भरा बैग एक आवारा काली डॉगी लेकर फरार हो गई. यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है.
डॉगी आई और रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गई
जानकारी के अनुसार व्यापारी ने हाल ही में बैंक से एक लाख रुपये नकद निकाले थे. वह किसी जरूरी काम के लिए बाजार आया था और इसी दौरान वह किले वाली मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए रुका. जल्दबाजी में वह अपने बाइक पर रखा पैसों से भरा काला बैग वहीं छोड़कर अंदर चला गया. बैग में नकदी सुरक्षित रखी हुई थी.
इसी बीच एक आवारा काली डॉगी वहां पहुंची. बताया जा रहा है कि डॉगी ने काले रंग के बैग को भोजन या किसी खाने की वस्तु के रूप में समझ लिया और उसे अपने मुंह में दबाकर वहां से चलती बनी. किसी को इस घटना की भनक तक नहीं लगी. जब व्यापारी नमाज पढ़कर बाहर आया तो उसने देखा कि बाइक पर रखा बैग गायब है. पहले तो उसने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
घबराए व्यापारी ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन बैग का कोई पता नहीं चला. इसके बाद उन्होंने मस्जिद और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करवाई. फुटेज देखने के बाद सभी लोग हैरान रह गए, क्योंकि उसमें साफ दिखाई दे रहा था कि एक काली डॉगी बाइक के पास आती है, बैग को उठाती है और वहां से चली जाती है.
डॉगी और रुपयों का अभी तक नहीं चल पाया पता
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरे इलाके में यह घटना तेजी से फैल गई. स्थानीय लोग इसे बेहद अनोखी और अविश्वसनीय घटना बता रहे हैं. कुछ लोग इसे लापरवाही का नतीजा मान रहे हैं, तो कुछ इसे किस्मत का खेल कह रहे हैं. व्यापारी और स्थानीय लोगों ने कई जगहों पर बैग की तलाश की, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है. पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई है और आसपास के क्षेत्रों में बैग की खोज की जा रही है.
फिलहाल यह “चोर डॉगी” इलाके में चर्चा का केंद्र बनी हुई है और लोग इस अजीब घटना पर हैरानी जता रहे हैं. घटना ने यह भी संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कीमती सामान को लापरवाही से छोड़ना भारी नुकसान का कारण बन सकता है.