scorecardresearch
 

गाजियाबाद: सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद एक्शन में प्रशासन, मोदीनगर में 14 अवैध दुकानों पर चला बुलडोजर, ₹2.23 करोड़ का जुर्माना

गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद पुलिस और प्रशासन बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है. सोमवार को मोदीनगर के बेगमाबाद में जामा मस्जिद के बाहर नगर पालिका की सरकारी जमीन पर बनी 14 अवैध दुकानों को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया.

Advertisement
X
गाजियाबाद के मोदीनगर में बुलडोजर एक्शन (Photo- ITG)
गाजियाबाद के मोदीनगर में बुलडोजर एक्शन (Photo- ITG)

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में हुए सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद सोमवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मोदीनगर के बेगमाबाद में बड़ी कार्रवाई की. एसडीएम अजीत सिंह के निर्देशन में नगर पालिका की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित 14 दुकानों को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया गया. इस अवैध कब्जे के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों पर 2 करोड़ 23 लाख रुपये का भारी जुर्माना भी लगाया है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, जिसके चलते बिना किसी बड़े विरोध के ध्वस्तीकरण की यह पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई.

दो दिन का नोटिस और देर रात तक अफरा-तफरी

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई से पहले ही सभी संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर दो दिन का समय दिया गया था. तय समय सीमा खत्म होने से पहले ही कई लोगों ने कार्रवाई के डर से देर रात अपने स्तर पर ही दुकानों का सामान और ढांचा हटाना शुरू कर दिया था. इसके बावजूद, जो भी अवैध निर्माण मौके पर शेष रह गए थे, उन्हें सोमवार सुबह पहुंची नगर पालिका और राजस्व टीम ने बुलडोजर की मदद से पूरी तरह ढहा दिया.

सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ कड़ी चेतावनी

मौके पर मौजूद एसडीएम अजीत सिंह ने बताया कि नगर पालिका की सरकारी भूमि पर किए गए इन अवैध कब्जों को नियमानुसार हटाया गया है. उन्होंने साफ चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में भी ऐसी सख्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी. इस दौरान डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए पुलिस टीम के साथ अलर्ट मोड पर रहे.

Advertisement

एनकाउंटर, सीलिंग और अपराधियों का सत्यापन तेज

सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद से जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चौतरफा अभियान चल रहा है. मामले का मुख्य आरोपी असद पहले ही पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है और उसके आवास पर भी ध्वस्तीकरण का नोटिस चस्पा है. इसके अलावा खोड़ा में तीन अवैध मदरसे सीज किए गए हैं, जबकि डासना, इंदिरापुरम और लोनी में भी अवैध मदरसों पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हुई है. पुलिस थानों में अपराधियों को बुलाकर उनका सत्यापन भी कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement