अगर आपको अचानक किसी मॉल में विराट कोहली दिख जाएं, तो शायद आप भी उनके साथ सेल्फी लेने दौड़ पड़ें. ऐसा ही कुछ उत्तर प्रदेश के लखनऊ के एक मॉल में हुआ, लेकिन बाद में लोगों को पता चला कि वह असली विराट कोहली नहीं, बल्कि उनके हमशक्ल थे. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो में दिख रहा है कि सोशल मीडिया क्रिएटर कार्तिक शर्मा, जो अपनी शक्ल और स्टाइल की वजह से विराट कोहली जैसे दिखते हैं, लखनऊ के एक मॉल में पहुंचे. उन्होंने विराट की तरह हेयरस्टाइल रखा, टैटू बनवाए, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जर्सी पहनी और एक बीएमडब्ल्यू कार से मॉल में एंट्री की. उनके साथ चार बॉडीगार्ड भी थे.
देखते ही सेल्फी लेने दौड़ पड़े लोग
जैसे ही कार्तिक शर्मा मॉल में पहुंचे, लोगों ने उन्हें असली विराट कोहली समझ लिया. देखते ही देखते उनके आसपास भारी भीड़ जमा हो गई. लोग उनके साथ सेल्फी लेने और एक झलक पाने के लिए दौड़ने लगे.
वीडियो में दावा किया गया है कि मॉल के कुछ सुरक्षा कर्मी भी अपनी ड्यूटी छोड़कर उनके साथ चलने लगे और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश करने लगे. कुछ ही मिनटों में मॉल की अलग-अलग मंजिलों की बालकनियों पर भी लोग उन्हें देखने के लिए खड़े दिखाई दिए.
कार्तिक शर्मा ने वीडियो के कैप्शन में लिखा -भारत के सबसे बड़े मॉल में प्रैंक.
VIDEO पर लोगों ने जताई नाराजगी
हालांकि, कुछ लोगों को यह प्रैंक मजेदार लगा, लेकिन बड़ी संख्या में सोशल मीडिया यूजर्स ने इसकी आलोचना भी की. कई लोगों का कहना था कि इससे विराट कोहली के प्रशंसकों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ हुआ.कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि इतनी बड़ी भीड़ जुटने से किसी तरह की भगदड़ जैसी स्थिति बन सकती थी.
एक यूजर ने लिखा कि यह सिर्फ प्रैंक नहीं, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी बड़ा खतरा है. अगर किसी असली आपात स्थिति में सुरक्षा कर्मी अपनी जगह पर नहीं होते, तो परेशानी हो सकती थी.
वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि भाई, आपने लोगों की भावनाओं के साथ खेला है. हर किसी का सपना होता है कि वह विराट कोहली के साथ एक सेल्फी ले.
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे लेकर अलग-अलग राय दे रहे हैं. कुछ इसे मनोरंजक बता रहे हैं, जबकि कई लोग इसे गैर-जिम्मेदाराना प्रैंक मान रहे हैं.