रोबोट्स की दुनिया तेजी से बदल रही है. कभी ह्यूमनॉइड रोबोट इंसानों की तरह दौड़ते और डांस करते दिखाई देते हैं, तो कभी फैक्ट्री में काम करते नजर आते हैं. रोबोट का ऐसा ही एक हैरान करने वाला कारनामा चीन से सामने आया है. वीडियो में दो ह्यूमनॉइड रोबोट किसी प्रोफेशनल फाइटर की तरह एक-दूसरे पर पंच और किक बरसाते दिख रहे हैं. मुकाबला इतना जबरदस्त था कि एक रोबोट का सिर तक अलग हो गया. हैरानी की बात यह रही कि सिर क्षतिग्रस्त होने के बावजूद रोबोट ने फाइट जारी रखने की कोशिश की.
न्यूजवीक की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना चीन के शेनझेन में दुनिया के पहले फुल-साइज ह्यूमनॉइड रोबोट फ्री-कॉम्बैट टूर्नामेंट के दौरान हुई. अल्टीमेट रोबोट नॉक-आउट लीजेंड (URKL) नाम के इस टूर्नामेंट में रोबोट्स के बीच मुकाबला कराया गया. इस फाइट का वीडियो अब वायरल हो रहा है.
किक लगते ही लटक गया रोबोट का सिर
मुकाबला व्हाइट ईगल और मेटाडोर नाम के दो T800 ह्यूमनॉइड रोबोट्स के बीच था. फाइट के दौरान दोनों रोबोट एक-दूसरे पर पंच और किक से हमला करते नजर आए. इसी बीच व्हाइट ईगल ने मेटाडोर को एक जोरदार हाई किक मारी. किक इतनी जबरदस्त थी कि मेटाडोर का सिर अपनी जगह से हटकर लटकने लगा.
यह भी पढ़ें: 'मुकाबला' गाने पर टीचर-मां का ऐसा डांस, लोग बार-बार देख रहे हैं वायरल वीडियो
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बावजूद मेटाडोर ने मुकाबला जारी रखा. दोनों रोबोट एक-दूसरे पर वार करते रहे. यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए.
देखें वीडियो
सिर हुआ अलग, फिर उठने की कोशिश
रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ देर बाद मेटाडोर आगे की ओर गिर पड़ा. गिरने के दौरान उसका सिर उसके शरीर के नीचे आ गया. इसके बाद रोबोट ने दोबारा अपने पैरों पर खड़े होने की कोशिश की, लेकिन उसका सिर पूरी तरह अलग हो गया और वह फिर गिर पड़ा.
इसके बाद व्हाइट ईगल ने मुकाबला जीत लिया. जीत के बाद रोबोट ने डांस मूव्स और विक्ट्री पोज देकर अपनी जीत का जश्न भी मनाया. बाद में अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त रोबोट को एरिना से हटा दिया.
क्या है T800 ह्यूमनॉइड रोबोट?
T800 एक फुल-साइज ह्यूमनॉइड रोबोट है. इसे चीन की रोबोटिक्स कंपनी EngineAI ने विकसित किया है. कंपनी इससे पहले भी T800 को कई तरह के मार्शल आर्ट्स से प्रेरित मूव्स करते हुए दिखा चुकी है. इनमें पंच कॉम्बिनेशन, राउंडहाउस किक और किक-पंच कॉम्बिनेशन जैसे मूव्स शामिल हैं.
URKL को ह्यूमनॉइड रोबोट्स की फ्री-कॉम्बैट प्रतियोगिता के तौर पर पेश किया गया है. इस तरह के मुकाबलों के जरिए रोबोट्स के मोशन कंट्रोल, बैलेंस और मुश्किल परिस्थितियों में प्रदर्शन करने की क्षमता को परखा जाता है.
फिलहाल इस मुकाबले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. खासतौर पर सिर क्षतिग्रस्त होने के बाद भी रोबोट के फाइट जारी रखने की कोशिश ने लोगों को हैरान कर दिया है. भविष्य में ह्यूमनॉइड रोबोट क्या-क्या कर सकते हैं, यह वीडियो उसकी एक दिलचस्प झलक दिखाता है.