बेटी के जन्म को लेकर समाज में आज भी अलग-अलग सोच देखने को मिलती है. कहीं बेटा होने की चाहत रहती है, तो कहीं बेटी के आने पर पूरे घर में जश्न मनाया जाता है. सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसा ही एक दिल छू लेने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पिता अपनी नवजात बेटी के जन्म की खुशी पूरे अस्पताल के साथ शेयर करता नजर आ रहा है. उसकी खुशी देखकर हर कोई भावुक हो गया और लोग उसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं.
वायरल वीडियो झांसी के एक अस्पताल का बताया जा रहा है. वीडियो में एक शख्स हाथ में मिठाई का डिब्बा लेकर अस्पताल के वार्ड में मौजूद लोगों का मुंह मीठा कराता दिखाई देता है. वह वहां मौजूद महिलाओं, अस्पताल के स्टाफ और अन्य लोगों को बड़े प्यार से मिठाई बांटता है. उसके चेहरे की मुस्कान साफ बता रही है कि उसके घर आई नन्ही परी ने उसकी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी दे दी है. यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है.
बताया जा रहा है कि इस शख्स ने पहले ही मन में मन्नत मांगी थी कि अगर उसके घर बेटी का जन्म होगा तो वह खुशियां सिर्फ अपने परिवार तक सीमित नहीं रखेगा, बल्कि जरूरतमंदों और अस्पताल में मौजूद लोगों के साथ भी बांटेगा. जैसे ही उसकी यह मन्नत पूरी हुई, उसने बिना देर किए अस्पताल पहुंचकर मिठाइयां बांटना शुरू कर दिया. इसके बाद उसने हॉस्पिटल में स्टाफ के बीच मिठाई, कपड़े और पैसे बांटे. वीडियो में देख सकते हैं कि सबसे पहले वह अस्पताल में मौजूद महिलाओं को मिठाई देता है. वहां मौजूद नर्सें और अन्य लोग भी इस खुशी में शामिल होते नजर आते हैं. कुछ लोग मुस्कुराते हुए उसे बधाई देते हैं तो कुछ उसके इस कदम की सराहना करते दिखाई देते हैं. पूरा माहौल खुशियों से भर जाता है.
सोशल मीडियो पर वीडियो वायरल
इस वीडियो की सबसे खास बात यह है कि इसमें किसी तरह का दिखावा नजर नहीं आता. पिता के चेहरे पर बेटी के जन्म की सच्ची खुशी साफ दिखाई देती है. यही वजह है कि यह वीडियो लोगों के दिलों को छू रहा है. सोशल मीडिया पर यूजर्स इसे बार-बार देख रहे हैं और जमकर शेयर भी कर रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने कमेंट सेक्शन में उस पिता की खूब तारीफ की. एक यूजर ने लिखा-जिस घर में बेटी आती है, वहां खुशियां खुद चलकर आती हैं. दूसरे ने लिखा, काश हर पिता अपनी बेटी के जन्म पर इतनी ही खुशी मनाए. वहीं एक अन्य यूजर ने कहा- बेटियां किसी से कम नहीं होतीं, ऐसे लोगों की वजह से समाज बदल रहा है. आज सरकार से लेकर समाज तक लगातार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं.
इसके बावजूद कई जगहों पर बेटियों को लेकर सोच पूरी तरह नहीं बदली है. ऐसे में इस पिता का छोटा-सा कदम एक बड़ा संदेश देता है कि बेटी का जन्म किसी उत्सव से कम नहीं है. यह वीडियो सिर्फ मिठाई बांटने का नहीं, बल्कि सोच बदलने का संदेश भी देता है. जब पिता खुद अपनी बेटी के जन्म पर गर्व महसूस करता है और खुले दिल से खुशियां मनाता है, तो वह समाज को भी एक नई दिशा देता है. यही वजह है कि यह वीडियो लाखों लोगों का दिल जीत रहा है और इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.
कई यूजर्स का कहना है कि अगर हर परिवार बेटी के जन्म को इसी तरह उत्सव की तरह मनाने लगे, तो बेटा-बेटी के बीच का भेदभाव काफी हद तक खत्म हो सकता है. आखिरकार, खुशियां इस बात की नहीं होतीं कि घर में बेटा आया या बेटी, बल्कि इस बात की होती हैं कि परिवार में एक नई जिंदगी ने कदम रखा है. यही संदेश यह वायरल वीडियो बेहद खूबसूरती से लोगों तक पहुंचा रहा है.