अमेरिका के येलोस्टोन नेशनल पार्क में छुट्टियां मनाने आए एक पर्यटक के लिए सैर कुछ ही सेकंड में डरावने हादसे में बदल गई. करीब 900 किलो वजनी एक बाइसन ने अचानक हमला कर दिया और शख्स को अपने सींग से उछालकर करीब 8 फीट हवा में फेंक दिया. पूरी घटना वहां मौजूद एक वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर के कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
अगर आप बाइसन के बारे में जानना चाह रहे हैं, तो बता दें कि यह दुनिया के सबसे बड़े और ताकतवर स्थलीय स्तनधारियों में से एक है. अमेरिका और कनाडा में बड़ी संख्या में पाए जाने वाले बाइसन का वजन 900 किलोग्राम या उससे भी ज्यादा हो सकता है. मेटिंग (रटिंग) सीजन के दौरान नर बाइसन का स्वभाव काफी आक्रामक हो जाता है. यही वजह है कि येलोस्टोन नेशनल पार्क प्रशासन पर्यटकों को इनसे कम से कम 25 गज (करीब 23 मीटर) की दूरी बनाए रखने की सलाह देता है.
अब बात घटना पर.यह घटना अमेरिका के वायोमिंग राज्य स्थित येलोस्टोन नेशनल पार्क के ब्रिज बे कैंपग्राउंड के पास हुई. घायल व्यक्ति अपने पोते के साथ फिशिंग ब्रिज इलाके में घूम रहा था. इसी दौरान विशाल बाइसन कैंपग्राउंड में पहुंच गया.
यह भी पढ़ें: IIT रुड़की में बारिश के बाद भरा पानी, छात्रों ने तख्त को बना लिया नाव; VIDEO वायरल
पेशेवर वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर माइक मैकलियोड, जो अपनी पत्नी के साथ वहीं कैंपिंग कर रहे थे.उन्होंने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी. उन्होंने बताया कि बाइसन पहले उन बच्चों की तरफ दौड़ा, जो सुरक्षित दूरी से उसकी तस्वीरें ले रहे थे. इसके बाद वह पूरे कैंपग्राउंड में तेजी से भागने लगा और लोग एक-दूसरे को चिल्लाकर सावधान करने लगे.
वीडियो बना रहे थे दादा-पोता, तभी बदल गया सबकुछ
कुछ देर बाद बाइसन सड़क किनारे धूल में बैठ गया. दादा और पोता उसे अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करने लगे. लेकिन जैसे ही बाइसन उठकर उनकी ओर बढ़ा, दोनों वहां से हटने लगे. पोता तो सुरक्षित निकल गया, लेकिन दादा पेड़ों के बीच फंस गए.
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, बाइसन ने अपने बाएं सींग से व्यक्ति के कूल्हे पर जोरदार वार किया और उन्हें कई फीट ऊपर हवा में उछाल दिया. वह पलटी खाते हुए जमीन पर गिरे. यह पूरा मंजर कैमरे में रिकॉर्ड हो गया.
देखें वीडियो
फोटोग्राफर ने बचाई जान
माइक मैकलियोड ने बताया कि उन्हें डर था कि बाइसन दोबारा हमला कर सकता है. इसलिए उन्होंने तुरंत रिकॉर्डिंग बंद की और जोर-जोर से चिल्लाते हुए जानवर की ओर दौड़े. उनके साथ दूसरे कैंपर्स भी मदद के लिए पहुंचे, जिसके बाद बाइसन वहां से हट गया.घायल व्यक्ति के पोते ने बाद में बताया कि उनके दादा को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है.
पार्क प्रशासन ने क्या कहा?
येलोस्टोन नेशनल पार्क का संचालन करने वाली नेशनल पार्क सर्विस (NPS) ने पुष्टि की है कि घायल पर्यटक को आपातकालीन चिकित्सा टीम ने अस्पताल पहुंचाया. अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.
आखिर बाइसन ने हमला क्यों किया?
माइक मैकलियोड का मानना है कि बाइसन का आक्रामक व्यवहार इन दिनों चल रहे मेटिंग (रटिंग) सीजन से जुड़ा हो सकता है. इसी दौरान नर बाइसन अधिक आक्रामक हो जाते हैं.
पार्क प्रशासन पर्यटकों को सलाह देता है कि वे बाइसन और अन्य बड़े जंगली जानवरों से कम से कम 25 गज (करीब 23 मीटर) की दूरी बनाए रखें. हालांकि प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि घटना के समय लोग तय दूरी पर ही मौजूद थे. इसके बावजूद बाइसन ने अचानक हमला कर दिया.