आज के समय में नौकरी पाना पहले से कहीं ज्यादा मुश्किल हो गया है. अच्छी डिग्री और सालों का अनुभव होने के बावजूद कई लोगों को लगातार इंटरव्यू देने पड़ते हैं और अच्छी नौकरी नहीं मिलती. ऐसे ही एक शख्स की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है. इस शख्स ने बताया कि नौकरी जाने के बाद उसने करीब पांच महीने तक नई नौकरी खोजी, लेकिन बार-बार निराशा ही हाथ लगी. आखिर में उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद ली और उसकी यही रणनीति काम कर गई. अब उसे करीब ₹1.5 करोड़ सालाना पैकेज वाली नई नौकरी मिल गई है.
इस शख्स ने अपनी कहानी रेडिट पर शेयर की. उसने बताया कि वह लगभग 10 साल तक एक ही कंपनी में काम करता रहा था. इस दौरान उसे तीन बार प्रमोशन भी मिला. लेकिन फरवरी के आखिर में अचानक कंपनी ने उसे नौकरी से निकाल दिया. यह फैसला उसके लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं था. इसके बाद उसने नई नौकरी के लिए आवेदन करना शुरू किया, लेकिन सफलता नहीं मिली.
हर इंटरव्यू के बाद मिलती थी निराशा
उसने बताया कि पांच महीनों में उसने कई कंपनियों में इंटरव्यू दिए. कुछ जगहों पर इंटरव्यू अच्छे गए, लेकिन बाद में वैकेंसी ही रद्द हो गई. कहीं भर्ती रोक दी गई, तो कहीं कंपनी ने अपने ही किसी कर्मचारी को वह पद दे दिया. लगातार मिल रही असफलताओं से उसका आत्मविश्वास भी कम होने लगा.
फिर AI को बनाया अपना साथी
काफी कोशिशों के बाद उसने इंटरव्यू की तैयारी के लिए एआई टूल्स का इस्तेमाल करना शुरू किया. वह जिस कंपनी में आवेदन करता, उसकी जॉब डिस्क्रिप्शन एआई में डालता था. इसके साथ ही इंटरव्यू लेने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी देता था. इसके बाद एआई संभावित सवाल तैयार करता, इंटरव्यू लेने वालों के बारे में रिसर्च करने में मदद करता और उसके अनुभव के आधार पर बेहतर जवाब भी सुझाता था.
जवाब देने का तरीका भी बदला
उसने बताया कि पहले वह इंटरव्यू में जरूरत से ज्यादा लंबा जवाब दे देता था. एआई ने उसे सिखाया कि कम शब्दों में साफ और प्रभावी तरीके से अपनी बात कैसे रखनी है. एआई ने कई सवालों के जवाब तैयार करने में भी मदद की, जिससे उसके अनुभव और उपलब्धियों को सही ढंग से पेश करना आसान हो गया. एआई की मदद से तैयारी करने के बाद उसके इंटरव्यू पहले से बेहतर होने लगे. आखिरकार उसे एक ऐसी कंपनी में नौकरी मिल गई, जहां सालाना लगभग 1.5 करोड़ रुपये का पैकेज मिला. उसने कहा कि इस पूरी यात्रा ने उसे एक बड़ी सीख दी कि मुश्किल समय में हार मानने के बजाय नए तरीके अपनाने चाहिए. लगातार कोशिश और सही तैयारी आखिरकार सफलता दिला ही देती है.
एआई का सही इस्तेमाल जरूरी
इस शख्स ने यह भी कहा कि एआई कोई जादुई समाधान नहीं है. अगर आपके पास एक्सपीरियंस और स्कील नहीं है, तो सिर्फ एआई के भरोसे नौकरी नहीं मिल सकती. एआई केवल तैयारी को बेहतर बनाता है. इंटरव्यू में आत्मविश्वास, सही जानकारी और ईमानदारी से दिए गए जवाब ही सबसे ज्यादा मायने रखते हैं. आज कई लोग एआई का इस्तेमाल रिज्यूमे बनाने, इंटरव्यू की तैयारी करने और सवालों की प्रैक्टिस करने के लिए कर रहे हैं.