scorecardresearch
 

Rajasthan Winter Destinations: सर्दियों में घूमने के लिए बेस्ट हैं राजस्थान की ये 10 जगहें, किले से लेकर रेगिस्तान तक का मिलेगा मजा

गर्मियों में मनाली-शिमला तो घूमने लोग खूब जाते हैं, लेकिन अगर आप सर्दियों मे घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आप राजस्थान की इन 10 खूबसूरत जगहों को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं. सर्दियों में राजस्थान घूमने का सबसे सही समय होता है और

Advertisement
X
राजस्थान सर्दियों में घूमना सही रहता है. (PHOTO:AI)
राजस्थान सर्दियों में घूमना सही रहता है. (PHOTO:AI)

Rajasthan Winter Destinations: हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड घूमने के लिए गर्मियों का मौसम बेस्ट होता है, उसी तरह राजस्थान घूमने का असली मजा सर्दियों में आता है. इस मौसम में न तो गर्मी की तेज धूप परेशान करती है और न ही रेगिस्तान की तपिश सफर का मजा किरकिरा करती है. यही वजह से अक्टूबर शुरू होते ही लोग राजस्थान घूमने निकल पड़ते हैं, अगर आप भी राजस्थान एक्सप्लोर करना चाहते हैं तो इस सर्दी राजस्थान की इन टॉप 10 जगहों को अपनी बकेट लिस्ट में शामिल कर लें. 

राजस्थान का नाम लेते ही लोगों के दिमाग में सिर्फ रेगिस्तान और दाल-बाटी चूरमा ही सबसे पहले आते हैं, मगर वीरों की इस धरती पर देखने के लिए काफी सारी चीजें हैं और खाने के लिए भी एक से बढ़कर एक शाही डिश मिलती है. सर्दियों के सुहावने मौसम, सुनहरी रेत, खूबसूरत झीलें और ऐतिहासिक किले और कलरफुल बाजार आपको अपनी तरह अट्रैक्ट करेंगे, इस मौसम में आप राजस्थान मे कई सारी एक्टीविटीज भी कर सकते हैं, जैसे ऊंट की सवारी, जंगल सफारी और रात को राजस्थानी फोक डांस का लुफ्त उठा सकते हैं. 

अगर आप भी इस सर्दी कहीं घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं, तो राजस्थान की ये 10 जगहों में से एक आप एक्सप्लोर कर सकते हैं.

1. जैसलमेर

सर्दियों में जैसलमेर की खूबसूरती देखते ही बनती है, यहां की सुनहरी इमारतें और रेगिस्तान की रेत हल्की धूप में चमक उठती हैं. शहर के बीच स्थित जैसलमेर किला यहां का मोस्ट पॉपुलर स्पॉट है. खास बात यह है कि इस किले के अंदर आज भी लोग रहते हैं और दुकानें चलाते हैं. शहर से कुछ दूरी पर स्थित रेतीले टीले यानी सैम सैंड ड्यून्स घूमने का अलग ही एक्सपीरियंस देते हैं. यहां ऊंट की सवारी, रेगिस्तान में सनसेट और फोक म्यूजिक आपकी शाम को यादगार बना देंगे. इसके अलावा गड़ीसर झील पर शाम का नजारा बेहद खूबसूरत लगता है, बारीक नक्काशी के लिए मशहूर पटवों की हवेली भी यहां जरूर घूमनी चाहिए.

Advertisement

2. जोधपुर

राजस्थान के नीले शहर जोधपुर की सैर सर्दियों में बेहद मजेदार रहती है, यहां पर ऊंचाई पर बना मेहरानगढ़ किला आप जा सकते हैं. जहां से आपको शहर का अलग ही नजारा दिखाई देता है, सबसे खास इतनी ऊंचाई से नीले घरों की खूबसूरत कई गुना ज्यादा लगती है. इसके अलावा जसवंत थड़ा अपनी सफेद संगमरमर की सुंदर शेप के लिए पहचाना जाता है, तो उम्मेद भवन पैलेसे भी जोधपुर क शाही विरासत को करीब से देखने का मौका देता है. इसके अलावा यहां पर घंटाघर के आस आप राजस्थानी बाजारों से खरीदारी भी कर सकते हैं. 

3. जयपुर

राजस्थान की राजधानी जयपुर सर्दियों में घूमने के लिए शानदार जगह है. यहां सुबह आमेर किले की सैर, दोपहर में हवा महल के आसपास घूमना और ऐतिहासिक इमारतों को करीब से देखना काफी आसान हो जाता है. जयपुर के सिटी पैलेस और जंतर-मंतर में भी इतिहास और वास्तुकला की झलक देखने को मिलती है. वहीं, खरीदारी के लिए जौहरी बाजार, बापू बाजार और त्रिपोलिया बाजार जा सकते हैं. 

4. उदयपुर

झीलों का शहर उदयपुर सर्दियों में किसी खूबसूरत तस्वीर जैसा नजर आता है. यहां पिछोला झील में नाव की सवारी करते हुए आसपास के महलों और पहाड़ियों का नजारा देखा जा सकता है. झील के किनारे बना सिटी पैलेस अपनी भव्यता और शानदार वास्तुकला के लिए मशहूर है. शाम के समय सज्जनगढ़ यानी मानसून पैलेस जा सकते हैं, यहां से शहर की झीलें और पहाड़ियां बेहद खूबसूरत दिखाई देती हैं. 

Advertisement

5. माउंट आबू

अगर आप राजस्थान में पहाड़ों और ठंडे मौसम का मजा लेना चाहते हैं, तो माउंट आबू जा सकते हैं. समुद्र तल से करीब 1,219 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह राजस्थान का प्रमुख हिल स्टेशन है. यहां दिन का मौसम सुहावना रहता है, जबकि रातें ठंडी हो सकती हैं. माउंट आबू के दिलवाड़ा जैन मंदिर संगमरमर पर की गई बारीक नक्काशी के लिए फेमस है. नक्की झील, सनसेट पॉइंट और हनीमून पॉइंट से आसपास की पहाड़ियों का सुंदर नजारा दिखाई देता है. दिसंबर के आखिर में आयोजित होने वाला विंटर फेस्टिवल भी यहां पर लोगों को खूब अट्रैक्ट करता है, जिसे देखने लोग दूर-दूर से आते हैं. 

6. पुष्कर

पुष्कर धार्मिक आस्था, संस्कृति और प्राकृतिक खूबसूरती का शानदार कॉम्बिनेशन है. यहां स्थित ब्रह्मा मंदिर भगवान ब्रह्मा को समर्पित प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है. सर्दियों में यहां की गलियों, मंदिरों और पुष्कर झील के आसपास आराम से घूम सकते हैं. अगर आप पहाड़ी रास्ते पर चढ़ने के लिए तैयार हैं, तो रत्नागिरी पहाड़ी पर स्थित सावित्री माता मंदिर भी जा सकते हैं. यहां से आसपास का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है. 

7. बीकानेर

अगर आप राजस्थान की भीड़भाड़ से दूर किसी ऐतिहासिक शहर को देखना चाहते हैं, तो बीकानेर की ट्रिप प्लान कर सकते हैं. बीकानेर की मिठाइयों के बारे में तो आपने सुना होगा, मगर यहां पर कई सुंदर महल हैं जिनकी खूबूसरती आपको मंत्रमुग्ध कर सकती हैं. बीकानेर का फेमस जूनागढ़ किला आप एक्सप्लोर सकते हैं, जो किसी ऊंची पहाड़ी पर नहीं बना है. बीकानेर में राष्ट्रीय ऊंट अनुसंधान केंद्र भी घूम सकते हैं, यहां ऊंटों की विभिन्न नस्लों के बारे में जानकारी मिलती है और कुछ मौकों पर ऊंट के दूध से बने उत्पाद भी चखने को मिल सकते हैं. शहर की रामपुरिया हवेलियां और देशनोक स्थित करणी माता मंदिर अपनी अनोखी परंपराओं के कारण काफी फेमस है.

Advertisement

8. रणथंभौर

अगर आपको जंगल, वन्यजीव और एडवेंचर पसंद है, तो सर्दियों में रणथंभौर घूमने का प्लान बना सकते हैं. रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान बाघों को देखने के लिए देश के पॉपुलर वन्यजीव स्थलों में शामिल है. इस मौसम में जंगल सफारी का अनुभव सुहावना हो सकता है, हालांकि बाघ दिखने की गारंटी नहीं होती. इसके परिसर में त्रिनेत्र गणेश मंदिर भी स्थित है और सर्दियों में कई प्रवासी पक्षी भी दिखाई दे सकते हैं.

9. अलवर

अरावली की पहाड़ियों के बीच बसा अलवर उन लोगों के लिए अच्छा ऑप्शन है, जो राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक खूबसूरती को एक साथ देखना चाहते हैं. यहां पुराने महल, हवेलियां और ऐतिहासिक इमारतें देखने को मिलती हैं और अलवर के आसपास स्थित सरिस्का टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी का मजा ले सकते हैं. इसके अलावा भानगढ़ किला भी पर्यटकों के बीच काफी पॉपुलर है, इसे अक्सर भुतहा किले के नाम से जाना जाता है.

10. झुंझुनूं

अगर आप राजस्थान की ऐतिहासिक इमारतों और स्थानीय संस्कृति में दिलचस्पी रखते हैं, तो झुंझुनूं जरूर घूम सकते हैं. यह शेखावाटी क्षेत्र का हिस्सा है, जो अपनी चित्रकारी वाली हवेलियों और दीवार पर हुई पेटिंग के लिए मशहूर है. यहां की कई पुरानी हवेलियों की दीवारों और छतों पर खूबसूरत चित्रकारी देखने को मिलती है. सर्दियों में यहां की संकरी गलियों और पुराने भवनों को पैदल घूमकर देखना आसान रहता है. 

Advertisement

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement