भारत के ज्यादातर हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है. ऐसे में लोग ठंडी और सुकून भरी जगहों पर घूमना पसंद करते हैं. लेकिन गर्मियों के मौसम में शिमला-मनाली जैसे फेमस हिल स्टेशनों पर काफी ज्यादा भीड़ देखने को मिलती है. वहां पहाड़ों की खूबसूरती से ज्यादा गाड़ियों की लंबी कतारें और भारी ट्रैफिक जाम लोगों को परेशान कर देता है. ऐसे में अगर आप भीड़भाड़ से दूर किसी शांत, खूबसूरत और ठंडी जगह पर जाना चाहते हैं तो देश में कई ऐसी डेस्टिनेशन हैं जहां भीड़ कम होती है और प्राकृतिक खूबसूरती भरपूर देखने को मिलती है.
यहां आप परिवार के साथ सुकून भरे पल बिताने के साथ नेचर, एडवेंचर और लोकल संस्कृति का भी करीब से देख सकते हैं. आज हम आपको ऐसी ही 5 ऑफबीट जगहों के बारे में बताएंगे, जहां आप गर्मियों में परिवार के साथ आराम से घूमने जा सकते हैं.
उत्तराखंड का मुनस्यारी
उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में स्थित मुनस्यारी बर्फ से ढके पहाड़ों, हरे-भरे मैदानों और शांत माहौल के लिए जाना जाता है. यह जगह ट्रैकिंग पसंद करने वालों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. यहां से पंचाचूली की खूबसूरत चोटियां साफ नजर आती हैं. यहां आप मिलम ग्लेशियर ट्रेक का आनंद लें सकते हैं, खूबसूरत बर्थी फॉल्स देख सकते हैं और पिथौरागढ़ किले की सैर कर सकते हैं.
हिमाचल प्रदेश का तीर्थन वैली
मनाली और शिमला की भीड़ से दूर तीर्थन वैली एक बेहद शांत और खूबसूरत जगह है. यह ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के पास स्थित है और यहां की नदियां, जंगल और छोटे-छोटे गांव लोगों को खूब पसंद आते हैं. यहां आप तीर्थन नदी में ट्राउट फिशिंग का आनंद ले सकते हैं, ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क घूम सकते हैं और छूई वॉटरफॉल तक ट्रेकिंग कर सकते हैं.
मेघालय का मावलिननोंग
मेघालय का मावलिननोंग गांव 'एशिया का सबसे साफ गांव' कहलाता है. यह गांव अपनी साफ-सुथरी गलियों, हरियाली और शांत वातावरण के लिए दुनियाभर में मशहूर है. यहां का प्राकृतिक सौंदर्य और गांव की सादगी लोगों को खूब पसंद आती है. यहां आप लिविंग रूट ब्रिज देख सकते हैं, गांव की खूबसूरती को करीब से महसूस कर सकते हैं और स्काई व्यूपॉइंट से बांग्लादेश का खूबसूरत नजारा देख सकते हैं.
अरुणाचल प्रदेश का जीरो वैली
अरुणाचल प्रदेश की जीरो वैली अपनी हरियाली, धान के खेतों और खास जनजातीय संस्कृति के लिए मशहूर है. यह जगह शांत वातावरण और ठंडे मौसम की वजह से गर्मियों में घूमने के लिए बेहतरीन मानी जाती है. यहां की नेचर की खूबसूरती और सुकून भरा माहौल लोगों को खूब पसंद आता है. यहां आप अपातानी जनजाति के गांवों को एक्सप्लोर कर सकते हैं, व्यूपॉइंट से खूबसूरत नजारों का आनंद ले सकते हैं और पाइन जंगलों में नेचर वॉक का मजा ले सकते हैं.
उत्तराखंड का धनाचूली
नैनीताल के पास स्थित धनाचूली एक शांत और खूबसूरत गांव है, जहां आपको भीड़भाड़ से दूर सुकून भरा माहौल मिलेगा. यहां के ओक और पाइन के घने जंगल इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं. नेचर लवर्स के लिए यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है. यहां आप जंगलों में शांत सैर कर सकते हैं, पास की नैनी झील घूमने जा सकते हैं और लोकल कुमाऊंनी खाने का स्वाद ले सकते हैं.
हिमाचल प्रदेश का स्पीति वैली
हिमाचल प्रदेश की स्पीति वैली को 'लिटिल तिब्बत’ भी कहा जाता है. ऊंचे पहाड़, प्राचीन मठ और ठंडी हवाएं इस जगह को बेहद खास बनाती हैं. एडवेंचर और नेचर लवर्स के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है. यहां आप प्राचीन ताबो मठ घूम सकते हैं, हाई एल्टीट्यूड ट्रेकिंग का आनंद ले सकते हैं और तिब्बती संस्कृति व खाने का अनुभव कर सकते हैं.