Kainchi Dham Travel Guide: विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के बाबा नीम करोली के आश्रम कैंची धाम जाने के बाद से आम लोगों में यह जगह पहले से कई गुना ज्यादा पॉपुलर हो गई है. हर साल इस जगह पर भारी संख्या में लोग आते हैं और दर्शन करते हैं. उत्तराखंड की हसीन वादियों में बसा कैंची धाम आज देशभर के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच काफी पॉपुलर हो चुका है. लेकिन यहां जाने वाले लोग कैंची धाम या फिर नैनीताल घूमकर वापस अपने घर आ जाते हैं. जबकि इसके आसपास कई ऐसी खूबसूरत और खास जगहें मौजूद हैं, जहां प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और पहाड़ों का अद्भुत नजारा आपका सफर यादगार बना सकता है.
नीम करौली बाबा के इस फेमस आश्रम में दूर-दूर से लोग दर्शन और आध्यात्मिक शांति की तलाश में पहुंचते हैं. कैंची धाम की यात्रा आध्यात्मिक अनुभव के साथ-साथ उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखने का भी शानदार मौका देती है. इसलिए अगर आप यहां जाने का प्लान बना रहे हैं, तो आसपास की इन खूबसूरत जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें.
कैंची धाम
सबसे पहले कैंची धाम के दर्शन करें. नैनीताल-अल्मोड़ा मार्ग पर स्थित यह आश्रम नीम करौली बाबा से जुड़ा हुआ है. यहां का शांत वातावरण और पहाड़ी सुंदरता पर्यटकों को काफी सुकून देती है. कैंची धाम में दर्शन करने के बाद आसपास के खूबसूरत नजारों का मजा लेना भी एक अलग अनुभव है. हालांकि, यहां जाने से पहले आश्रम के नियमों और दर्शन के समय की जानकारी जरूर ले लें.
रामगढ़
अगर आप भीड़भाड़ से दूर पहाड़ों के बीच सुकून के पल बिताना चाहते हैं, तो रामगढ़ को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें. यह खूबसूरत हिल डेस्टिनेशन अपने शांत वातावरण, सेब के बागानों और शानदार हिमालयी दृश्यों के लिए जाना जाता है. यहां का माहौल उन लोगों को काफी पसंद आएगा, जो नेचर के करीब रहकर रिलैक्स करना चाहते हैं. कैंची धाम के साथ रामगढ़ की यात्रा आपकी ट्रिप को एक शांत और खूबसूरत अनुभव बना सकती है.
नौकुचियाताल
नैनी झील के अलावा भी कैंची धाम के पास एक जगह मौजूद है, जहां हाल ही में कुमार विश्वास की बड़ी बेटी और दामाद गए थे. हम नौकुचियाताल की बात कर रहे हैं, झीलों और एडवेंचर के शौकीन लोगों के लिए यह एक शानदार जगह है. नौ कोनों वाली खूबसूरत झील से घिरा यह इलाका बेहद शांत और प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर है. यहां आप झील के किनारे सुकून के पल बिताने के साथ बोटिंग और अन्य आउटडोर एक्टिविटीज का लुफ्त उठा सकते हैं.
पंगोट
नेचर और बर्ड वॉचिंग पसंद करने वाले लोगों के लिए पंगोट किसी जन्नत से कम नहीं है. नैनीताल से पंगोट की दूरी 13.1 km है, आपको नैनीताल से यहां जाने में मात्र 35 मिनट लगेंगे. घने जंगलों, पहाड़ी रास्तों और खूबसूरत पक्षियों के लिए मशहूर यह छोटा सा गांव शहर की भीड़भाड़ से दूर एक अलग ही अनुभव देता है. यहां का शांत वातावरण और खूबसूरत लैंडस्केप फोटोग्राफी के लिए भी शानदार हैं. कैंची धाम के साथ पंगोट को एक्सप्लोर करना आपको ऑफबीट पहाड़ी अनुभव दे सकता है.
किलबरी
नैनीताल से 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित किलबरी भी आप अपनी लिस्ट में शुमार कर सकते हैं. इसकी समुद्र तल से ऊंचाई 2194 मीटर है और यहां आपको जंगलों और हिमालयी नजारे देखने को मिलेंगे. यह इलाका शांत वातावरण, घने जंगलों और बर्ड वॉचिंग के लिए जाना जाता है. यहां की प्राकृतिक खूबसूरती उन यात्रियों को खास तौर पर पसंद आती है, जो पॉपुलर टूरिस्ट स्पॉट्स से हटकर शांत और कम भीड़ वाली जगहों को एक्सप्लोर करना चाहते हैं.
कैंची धाम की यात्रा के साथ मुक्तेश्वर घूमना भी एक शानदार अनुभव हो सकता है. पहाड़ों, देवदार के जंगलों और शांत वातावरण से घिरा यह हिल स्टेशन नेचर लवर्स को काफी पसंद आता है. यहां से हिमालय की खूबसूरत चोटियों का नजारा देखने को मिलता है. मुक्तेश्वर मंदिर और आसपास के प्राकृतिक स्थल भी पर्यटकों के बीच काफी फेमस हैं.
घोड़ाखाल
कैंची धाम के आसपास घूमने के लिए घोड़ाखाल भी एक खास जगह है. यहां स्थित प्रसिद्ध गोलू देवता मंदिर श्रद्धालुओं के बीच काफी चर्चित है. मंदिर के अलावा आसपास का शांत पहाड़ी वातावरण और खूबसूरत नजारे भी लोगों को बहुत पसंद आता. अगर आप अपनी ट्रिप में आध्यात्मिकता के साथ एक और खास धार्मिक स्थल जोड़ना चाहते हैं, तो घोड़ाखाल को जरूर एक्सप्लोर करें.
अपनी ट्रिप को बनाएं यादगार
कैंची धाम के दर्शन के साथ रामगढ़ के शांत पहाड़ी नजारे, नौकुचियाताल की खूबसूरत झील, पंगोट और किलबरी की प्राकृतिक सुंदरता और मुक्तेश्वर का हिमालयी आकर्षण आपकी पूरी ट्रिप को यादगार बना सकता है.