Assam Tourist Places: घूमने के लिए अगर आप किसी खूबसूरत जगह की तलाश कर रहे हैं तो असम आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. भारत के नॉर्थ ईस्ट में बसा यह खूबसूरत राज्य अपनी हरियाली, चाय के बागानों, वन्यजीव और समृद्ध संस्कृति के लिए जाना जाता है. यहां घूमकर आपको प्रकृति के बीच सुकून भरे पल बिताने का मौका मिलेगा. अगर आप परिवार या दोस्तों के साथ यादगार ट्रिप प्लान कर रहे हैं तो असम की ये खास जगहें आपकी यात्रा को और भी शानदार बना देंगी.
कामाख्या मंदिर
गुवाहाटी शहर असम के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है. यहां स्थित कामाख्या देवी मंदिर पूरे भारत में फेमस है. नीलाचल पहाड़ी पर बना यह मंदिर देवी कामाख्या को समर्पित है. यहां हर साल अंबुबाची मेला लगता है, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं.
काजीरंगा नेशनल पार्क
अगर आप इन छुट्टियां वन्य जीवन का अनुभव लेना चाहते हैं असम का काजीरंगा नेशनल पार्क एक बेहतरीन ऑप्शन है. यह पार्क नागांव और गोलाघाट जिलों में फैला हुआ है और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के रूप में भी जाना जाता है. यह एक सींग वाले गैंडे के लिए फेमस है. यहां आपको अलग-अलग तरह के वन्यजीव और पक्षी देखने को मिलेंगे. यहां की जीप सफारी और हाथी सफारी पर्यटकों के बीच पॉपुलर हैं.
माजुली
माजुली को असम की सांस्कृतिक राजधानी भी कहा जाता है. यह दुनिया का सबसे बड़ा नदी द्वीप है जो ब्रह्मपुत्र नदी के बीच स्थित है. यह जगह सांस्कृतिक और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में जानी जाती है. यहां कई मठ या आश्रम हैं, जहां असमिया संस्कृति और वैष्णव धर्म की शिक्षा दी जाती है.
शिवसागर
शिवसागर को असम की ऐतिहासिक राजधानी माना जाता है. यह जिला 600 साल पुरानी शाही विरासत, शानदार वास्तुकला और मंदिरों के लिए फेमस है. यहां रांगघर (प्राचीन खेल स्टेडियम), तालातल घर (महल) और शिवडोल (शिव मंदिर) परिवार के साथ घूमने के लिए बेहतरीन जगहे हैं.
दीफू
असम का दीफू, कार्बी आंगलोंग जिले में स्थित एक शांत और खूबसूरत हिल स्टेशन है जो अपनी खूबसूरती और संस्कृति के लिए जाना जाता है. कार्बी आंगलोंग इकोलॉजिकल पार्क यहां के टॉप टूरिस्ट डेस्टिनेशन में से एक है. यहां आप अपने परिवार या दोस्तों के साथ घूमने जा सकते हैं.