अब तक Flipkart से मोबाइल, कपड़े और घर का सामान खरीदते होंगे, लेकिन जल्द ही आप इस ऐप से खाना भी ऑर्डर कर सकते हैं. ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट अपनी फूड डिलीवरी सर्विस लाने की तैयारी कर रही है. इसके जरिए कंपनी सीधे Zomato और Swiggy को टक्कर देगी. खास बात यह है कि फ्लिपकार्ट ने अपनी इस सर्विस की टेस्टिंग भी शुरू कर दी है.
रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अपनी नई सर्विस को ‘Eat-in by Minutes’ नाम से पेश कर सकती है. फिलहाल इसकी टेस्टिंग बेंगलुरु में की जा रही है. हालांकि, आम लोगों के लिए यह सर्विस कब से शुरू होगी, इसे लेकर कंपनी की तरफ से अभी ऑफिशियल जानकारी नहीं दी गई है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसे अक्टूबर के आखिर तक लॉन्च किया जा सकता है.
8,000 से ज्यादा कर्मचारी कर रहे टेस्टिंग
फ्लिपकार्ट ने शुरुआत में अपनी इस सर्विस की टेस्टिंग कुछ कर्मचारियों के साथ शुरू की थी. अब रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 8,000 कर्मचारी इसका इस्तेमाल कर रहे हैं. इस टेस्टिंग के जरिए कंपनी यह समझने की कोशिश कर रही है कि सर्विस कैसे काम करती है और कस्टमर्स को किस तरह का एक्सपीरियंस मिलता है.
इस सर्विस के लिए फ्लिपकार्ट ऐप में एक अलग टैब दिया जा रहा है. यानी यूजर्स को एक ही ऐप में शॉपिंग, क्विक कॉमर्स और फूड डिलीवरी जैसे ऑप्शन मिल सकते हैं. इससे लोगों को खाना ऑर्डर करने के लिए अलग ऐप खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
यह भी पढ़ें: Flipkart सेल सभी के लिए शुरू, iPhone से AC तक, मिल रही कमाल की डील
रेस्टोरेंट से लेकर डिलीवरी तक की तैयारी
रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लिपकार्ट अपनी इस सर्विस पर कई रेस्टोरेंट के साथ काम कर रही है. इसमें सरकारी समर्थित Open Network for Digital Commerce (ONDC) पर मौजूद रेस्टोरेंट के साथ सीधे कंपनी से जुड़े रेस्टोरेंट भी शामिल हैं.
खाने की डिलीवरी के लिए कंपनी अपनी लॉजिस्टिक्स यूनिट Ekart के जरिए अलग डिलीवरी नेटवर्क तैयार कर रही है. इससे फूड डिलीवरी के ऑर्डर को संभालने में मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: POCO M8x 5G भारत में हुआ लॉन्च, मिलेगी 7900mAh की बैटरी और इतनी है कीमत
Zomato और Swiggy की बढ़ेगी टेंशन?
फूड डिलीवरी के बाजार में अभी Zomato और Swiggy की मजबूत पकड़ है. ऐसे में फ्लिपकार्ट की एंट्री से मुकाबला और बढ़ सकता है. कंपनी की बड़ी ग्राहक संख्या और पहले से मौजूद डिलीवरी नेटवर्क उसे फायदा पहुंचा सकते हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लिपकार्ट इस साल के आखिर तक पांच से छह शहरों में अपनी सर्विस शुरू करने की योजना बना सकती है. हालांकि, कंपनी की ओर से लॉन्च की तारीख और शहरों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
अब देखना होगा कि फ्लिपकार्ट की यह नई सर्विस ग्राहकों को कितना पसंद आती है और क्या इससे उन्हें खाना ऑर्डर करने के लिए एक नया विकल्प मिलता है.