scorecardresearch
 

भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान को फोन पर धमकी

भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान असुंता लकड़ा ने हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह पर फोन पर धमकी देने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि खिलाड़ियों के हित में आवाज उठाने और पूर्व कोच सुधीर गोला के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच की मांग करने के बाद उन्हें धमकाया गया. लकड़ा ने आरोप लगाया कि उन्हें चुप रहने और अपनी सीमा में रहने की चेतावनी दी गई. हालांकि, इन आरोपों पर हॉकी इंडिया की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

Advertisement
X
असुंता लकड़ा ने बताया कि 9 मई को उन्हें भोलानाथ सिंह का फोन आया था
असुंता लकड़ा ने बताया कि 9 मई को उन्हें भोलानाथ सिंह का फोन आया था

भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और पूर्व चयनकर्ता असुंता लकड़ा ने हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं. रांची में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने दावा किया कि खिलाड़ियों के हित में आवाज उठाने के बाद उन्हें फोन पर धमकी दी गई.

असुंता लकड़ा ने बताया कि 9 मई को उन्हें भोलानाथ सिंह का फोन आया था. उन्होंने कहा कि बातचीत इतनी अचानक हुई कि वह उसे रिकॉर्ड भी नहीं कर सकीं. उनके मुताबिक, उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि उनके साथ इस तरह की भाषा में बात की जाएगी.

उन्होंने कहा कि झारखंड के खेल मंत्री के बुलावे पर वह उनसे मिलने गई थीं, लेकिन बाद में यह कहानी बना दी गई कि वह भोलानाथ सिंह को हटाने की साजिश का हिस्सा थीं. लकड़ा ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि उस बैठक में ओलंपियन मनोहर टोपनो समेत कई लोग मौजूद थे.

पूर्व कप्तान के मुताबिक, उन्होंने भोलानाथ सिंह से कहा था कि शायद कोई उन्हें भड़का रहा है. इस पर महासचिव ने कथित तौर पर जवाब दिया कि उन्हें हॉकी झारखंड, हॉकी इंडिया या विश्व हॉकी से कोई नहीं हटा सकता. लकड़ा ने कहा कि दोनों के बीच करीब नौ मिनट तक बातचीत हुई.

Advertisement

असुंता लकड़ा ने सवाल उठाया कि अगर वह किसी खिलाड़ी के लिए आवाज उठाती हैं तो क्या इसके बदले उन्हें धमकियां मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि उन्होंने देश के लिए पदक जीते हैं और उनका सम्मान किया जाना चाहिए.

उन्होंने यह भी बताया कि झारखंड एकलव्य टीम सेंटर के पूर्व कोच सुधीर गोला के खिलाफ कुछ लड़कियों ने शिकायत की थी. इसी मामले को लेकर उन्होंने सबसे पहले भोलानाथ सिंह से जांच कराने का आग्रह किया था. उनका कहना है कि वह इस मामले को सार्वजनिक नहीं करना चाहती थीं, लेकिन उन्हें जवाब मिला कि संबंधित व्यक्ति को बदनाम किया जा रहा है. लकड़ा ने कहा कि उन्होंने केवल शिकायतों की जानकारी दी थी, फिर भी उन्हें अपनी सीमा में रहने और चुप रहने की चेतावनी दी गई.

फिलहाल हॉकी इंडिया या महासचिव भोलानाथ सिंह की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement