उत्तर कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन को सामने देखकर महिला फुटबॉल टीम की कई खिलाड़ी अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं. कुछ खिलाड़ियों की आंखों में आंसू आ गए, जबकि कई खुशी से उछलती-कूदती नजर आईं. यह अनोखा और हैरान करने वाला दृश्य अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इसकी दुनिया भर में चर्चा हो रही है.
दरअसल, उत्तर कोरिया की नाएगोह्यांग विमेंस एफसी (Naegohyang Women's FC) टीम ने एएफसी विमेंस चैम्पियंस लीग का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया. टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद किम जोंग उन खुद खिलाड़ियों को बधाई देने मैदान पर पहुंचे. जैसे ही उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात शुरू की, कई फुटबॉलर्स भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू निकलने लगे.
वायरल वीडियो में किम जोंग उन मुस्कुराते हुए खिलाड़ियों की कतार के बीच से गुजरते दिखाई देते हैं. इस दौरान खिलाड़ी उत्साह से झूमती नजर आती हैं. कुछ खिलाड़ी इतनी भावुक दिखीं कि वे रोने लगीं. इसके बाद किम ने पूरी टीम के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं और स्टेडियम में बैठकर खिलाड़ियों का सम्मान किया.
नाएगोह्यांग महिला टीम ने पिछले महीने सियोल में खेले गए फाइनल मुकाबले में जापान की टोक्यो वर्डी बेलेजा को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया था. इसके साथ ही वह एएफसी विमेंस चैम्पियंस लीग जीतने वाली पहली उत्तर कोरियाई क्लब टीम बन गई. यह टूर्नामेंट 2024 में शुरू किया गया था और इसे एशियाई महिला क्लब फुटबॉल का सबसे बड़ा मंच माना जा रहा है.
टीम की कप्तान किम क्योंग-योंग ने फाइनल में मैच का इकलौता और निर्णायक गोल किया था. शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें पूरे टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (MVP) भी चुना गया. कप्तान ने पुरस्कार मिलने के बाद कहा कि यह सफलता किसी एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि पूरी टीम और कोचिंग स्टाफ की सामूहिक मेहनत का नतीजा है.
यह भी पढ़ें: करोड़ों भारतीय देखते हैं FIFA वर्ल्ड कप, फिर भी ब्रॉडकास्टिंग राइट्स पर क्यों मचा बवाल?
इस जीत के साथ नाएगोह्यांग क्लब ने 10 लाख डॉलर से अधिक की पुरस्कार राशि हासिल की. साथ ही टीम ने अगले साल होने वाले फीफा विमेंस चैम्पियंस कप और 2028 में आयोजित होने वाले पहले विमेंस क्लब वर्ल्ड कप के लिए भी जगह पक्की कर ली.
यह भी पढ़ें: यामाल और वैभव... जिनकी उम्र देखकर धोखा खा गए बड़े-बड़े सितारे
यह उपलब्धि राजनीतिक लिहाज से भी खास मानी जा रही है. नाएगोह्यांग पिछले आठ वर्षों में साउथ कोरिया का दौरा करने वाली पहली उत्तर कोरियाई क्लब टीम बनी. दोनों देशों के बीच लंबे समय से तनावपूर्ण रिश्ते रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद साउथ कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने टीम को इस ऐतिहासिक जीत पर सार्वजनिक रूप से बधाई दी.