तीन साल की लगातार कोशिशों और कई निराशाओं के बाद आखिरकार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अल-नस्र (Al-Nassr) के साथ पहला सऊदी प्रो लीग खिताब जीत लिया.
गुरुवार को रियाद के अलअव्वल पार्क में खेले गए मुकाबले में अल-नस्र ने दमाक एफसी को 4-1 से हराया, जिसमें रोनाल्डो दो शानदार गोल दागकर जीत के हीरो बने.
41 साल के स्टार फुटबॉलर के लिए यह पल बेहद भावुक करने वाला था. 2023 में अल-नस्र से जुड़ने के बाद से टीम लगातार खिताब जीतने से चूक रही थी, लेकिन इस बार आखिरकार इंतजार खत्म हुआ.
खिताब जीतने के बाद रोनाल्डो अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके. मैच खत्म होते ही उनकी आंखों में आंसू आ गए और वह काफी भावुक नजर आए. उनका रोता हुआ वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है.
Cristiano Ronaldo in tears of joy.
— TC (@totalcristiano) May 21, 2026
What a moment. ❤️ pic.twitter.com/ftEJFvLYPr
दूसरे हाफ में रोनाल्डो ने अपना क्लास दिखाया. उन्होंने 62वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि 80वें मिनट में बेहतरीन फ्री-किक के जरिए दूसरा गोल दागा.
इस डबल के साथ उनके करियर गोलों की संख्या 974 तक पहुंच गई है और अब फुटबॉल जगत की नजर उनके 1000 गोल के ऐतिहासिक आंकड़े पर टिकी है.
It means so much to us 🏆 YALLA NASSR! 🟡🔵 pic.twitter.com/Uw1HSc6smC
— Cristiano Ronaldo (@Cristiano) May 21, 2026
अल-नस्र के लिए यह सीजन आसान नहीं रहा. इससे पहले अल-नस्र और रोनाल्डो को एएफसी चैम्पियंस लीग टू के फाइनल में जापानी क्लब गाम्बा ओसाका से हार का दर्द झेलना पड़ा था. वहीं, अल-हिलाल के खिलाफ पिछला मैच ड्रॉ होने के कारण लीग खिताब की रेस आखिरी मुकाबले तक पहुंच गई थी.
यह रोनाल्डो के करियर का आठवां लीग टाइटल है. इससे पहले वह मैनचेस्टर यूनाइटेड, रियल मैड्रिड और जुवेंटस के साथ भी घरेलू लीग ट्रॉफी जीत चुके हैं.
अब फुटबॉल फैन्स की नजर अगले महीने होने वाले FIFA World Cup पर होगी, जहां रोनाल्डो अपने करियर की सबसे बड़ी अधूरी ख्वाहिश पूरी करने उतर सकते हैं.
Report- Vijay Singh