scorecardresearch
 

IPL में सुपरहिट, टीम इंडिया में फिट नहीं! RCB के कप्तान रजत पाटीदार की अनदेखी पर उठे सवाल

आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया. श्रेयस अय्यर को टीम का कप्तान बनाया गया है. रजत पाटीदार टीम में शामिल ना करने पर मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने वजह भी बताई है.

Advertisement
X
टीम इंडिया में नहीं हुआ रजत पाटीदार का सेलेक्शन  (Photo: Reuters)
टीम इंडिया में नहीं हुआ रजत पाटीदार का सेलेक्शन (Photo: Reuters)

IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार दूसरी बार चैम्पियन बनाने के बावजूद रजत पाटीदार भारतीय टी20 टीम में जगह नहीं बना सके. कप्तानी के साथ-साथ आईपीएल 2026 में उनकी बल्लेबाजी भी शानदार रही. इसके बावजूद आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए घोषित टीम में उनके नाम का ना होना चौंकाने वाला है.

चयनकर्ताओं ने टी20 टीम में कई बड़े बदलाव किए हैं. श्रेयस अय्यर को टी20 टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि सूर्यकुमार यादव को खराब आईपीएल सीजन के बाद टीम से बाहर कर दिया गया. वहीं 15 साल के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम में मौका मिला है.

तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है. जबकि नीतीश कुमार रेड्डी, रवि बिश्नोई और प्रिंस यादव को भी टीम में शामिल किया गया है. रिंकू सिंह और कुलदीप यादव को टीम में जगह नहीं मिली, जबकि हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है.

यह भी पढ़ें: कप्तानी गई, टीम में भी जगह नहीं... सूर्यकुमार के Exit पर क्या बोले चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर? 

मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने रजत पाटीदार के चयन ना होने पर कहा, 'भारतीय क्रिकेट में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. उनके अनुसार चयन बैठक में कई खिलाड़ियों के नामों पर चर्चा हुई, लेकिन सीमित जगह के कारण हर खिलाड़ी को मौका देना संभव नहीं था. अगरकर ने भरोसा जताया कि चुनी गई टीम संतुलित है और भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखकर इसका चयन किया गया है.'

Advertisement

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, 'भारत के पास व्हाइट-बॉल क्रिकेट के लिए खिलाड़ियों का बहुत बड़ा पूल है. कुछ साल पहले ऐसी स्थिति भी थी जब अलग-अलग टूर्नामेंटों में भारत की कई टीमें एक साथ खेल रही थीं. चयनकर्ताओं का काम आसान नहीं होता. हर किसी को खुश रखना संभव नहीं है.'

देवजीत सैकिया कहते हैं, 'टीम चयन को लेकर हमेशा बहस होती रहेगी कि किस खिलाड़ी को चुना जाना चाहिए था और किसे नहीं. लेकिन हालिया प्रदर्शन के आधार पर चयनकर्ताओं ने अपना काम किया है. हमें उम्मीद है कि आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स के लिए चुनी गई टीमें शानदार प्रदर्शन करेंगी.'

रजत पाटीदार ने हालिया आईपीएल सीजन 15 मैचों में 192.69 की स्ट्राइक रेट से 501 रन बनाए और 42 छक्के भी जड़े हैं. रजत पाटीदार के इस प्रदर्शन से कयास लगाया जा रहा था कि वो भारतीय टी20 टीम में अपनी जगह बना लेंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement