scorecardresearch
 

...जब विराट से मिले वैभव सूर्यवंशी! हाथ जोड़कर नमस्ते, चेहरे पर मुस्कान, फिर मिला 'गुरु मंत्र'

आईपीएल के 19वें सीजन में अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम सिर्फ आरसीबी की खिताबी जीत का गवाह नहीं बना, बल्कि भारतीय क्रिकेट के एक बेहद खास पल का भी साक्षी बना. आतिशबाजी, जश्न और ट्रॉफी सेलिब्रेशन के बीच अचानक कैमरे दो पीढ़ियों के सुपरस्टार्स विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी पर टिक गए.

Advertisement
X
विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी की खास मुलाकात... (Photo: ITG)
विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी की खास मुलाकात... (Photo: ITG)

IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 का फाइनल खत्म हो चुका था. गुजरात टाइटन्स (GT) को हराकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) लगातार दूसरी बार चैम्पियन बन चुकी थी. स्टेडियम आतिशबाजी और जश्न में डूबा हुआ था, लेकिन उसी शोर के बीच एक ऐसा पल सामने आया जिसने करोड़ों क्रिकेट फैन्स का दिल जीत लिया.

एक तरफ थे भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली, जिसने आरसीबी को लगातार दूसरी बार चैम्पियन बनाने में अहम किरदार निभाया. दूसरी तरफ थे 15 साल के वैभव सूर्यवंशी- वो लड़का जिसने पूरे IPL 2026 को अपनी बल्लेबाजी से हिला दिया.आरसीबी की जीत के बाद विराट कोहली खुद वैभव सूर्यवंशी के पास पहुंचे.

वैभव सूर्यवंशी ने विराट कोहली को नमस्ते किया. कोहली ने भी इस युवा स्टार के कंधे पर हाथ रखा और कुछ बातचीत हुई. दोनों के चेहरे पर मुस्कुराहटें दिखीं और कैमरों ने उस पल को कैद कर लिया. कुछ ही मिनटों में यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. यह सिर्फ दो खिलाड़ियों की मुलाकात नहीं थी- यह भारतीय क्रिकेट के वर्तमान और भविष्य का आमना-सामना था.

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के फाइनल में आरसीबी ने गुजरात टाइटन्स को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की. इस मुकाबले का विनिंग सिक्स विराट कोहली के बल्ले से निकला. जैसे ही गेंद बाउंड्री पार गई, आरसीबी के खिलाड़ी पूरी तरह जश्न में शरीक हो गए.

Advertisement

विराट कोहली ने फाइनल में कप्तानी पारी खेलते हुए सिर्फ 42 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाए. उन्होंने शुरुआत से अंत तक मैच को कंट्रोल में रखा और एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मैचों के सबसे बड़े खिलाड़ी वही हैं. इसी शानदार पारी के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया. लेकिन आईपीएल 2026 सिर्फ विराट का नहीं था. यह सीजन वैभव सूर्यवंशी के नाम भी रहा.

वैभव के बल्ले से जमकर बरसे छक्के
महज 15 साल की उम्र में वैभव ने पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया. उन्होंने 776 रन बनाए, 72 छक्के उड़ाए और कई रिकॉर्ड तोड़ डाले. पूरे सीजन गेंदबाज उनके सामने बेबस नजर आए. अवॉर्ड सेरेमनी में भी वैभव का जलवा साफ दिखा. उन्होंने ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन’, ‘सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन’, ‘सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन’, ‘मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर’ और ऑरेंज कैप समेत कुल 5 बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए.

जब वैभव सूर्यवंशी एक-एक कर अवॉर्ड जीत रहे थे, तब पूरा स्टेडियम तालियां बजा रहा था. फिर विराट कोहली का उनके पास जाकर बधाई देना उस रात का सबसे खास दृश्य बन गया. यह तस्वीर इसलिए भी भावुक कर देने वाली थी क्योंकि कभी विराट भी इसी तरह युवा उम्र में भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा चेहरा बनकर उभरे थे. अब वही विराट शायद भारतीय क्रिकेट के अगले सुपरस्टार को सामने खड़ा देख रहे थे.

Advertisement

फाइनल में गुजरात टाइटन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 155/8 का स्कोर बनाया था, लेकिन आरसीबी के गेंदबाजों ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा. जवाब में आरसीबी ने सिर्फ 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतकर आईपीएल में अपनी नई बादशाहत कायम कर दी. ट्रॉफी, छक्कों और जश्न के बीच आईपीएल 2026 की सबसे यादगार तस्वीर शायद वही रहेगी- विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी की मुस्कुराती हुई मुलाकात.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement