भारतीय क्रिकेट में विराट कोहली के बाद नंबर-3 की जगह कौन संभालेगा, इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई है. विराट कोहली 2027 वनडे वर्ल्ड कप को अपना आखिरी विश्व कप बता चुके हैं. ऐसे में टीम इंडिया को आने वाले समय में नंबर-3 के लिए एक मजबूत विकल्प की जरूरत होगी. पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर ने इस भूमिका के लिए युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा का नाम सुझाया है.
जाफर का मानना है कि तिलक वर्मा में वह सभी खूबियां हैं, जो उन्हें विराट कोहली के बाद नंबर-3 की जिम्मेदारी संभालने का दावेदार बनाती हैं. तिलक की सबसे बड़ी खासियत उनकी बल्लेबाजी में लचीलापन है. वह भारत के लिए वनडे में नंबर-3, नंबर-4 और नंबर-5 पर बल्लेबाजी कर चुके हैं. टी20 क्रिकेट में भी उन्होंने अलग-अलग नंबरों पर बल्लेबाजी की है.
यह भी पढ़ें: गेंद गई छक्के के लिए, लेकिन अंपायर ने दिए 5 रन... अली खान की बाउंसर पर ऐसा क्या हुआ?
वसीम जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर तिलक की बल्लेबाजी क्षमता की तारीफ करते हुए कहा कि उनका अलग-अलग नंबरों पर आसानी से ढल जाना एक बड़ी खूबी है. तिलक ने नंबर-3 पर शतक भी लगाया है और इसके बाद नंबर-5 तथा नंबर-6 की जिम्मेदारी भी अच्छी तरह निभाई है.
जाफर ने तिलक के फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड को भी महत्वपूर्ण बताया. उनका फर्स्ट-क्लास बल्लेबाजी औसत करीब 55 का है. जाफर के मुताबिक, तिलक की तकनीक और खेल को देखते हुए वह तीनों फॉर्मेट में भारत के लिए उपयोगी खिलाड़ी साबित हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें: नॉन-स्टॉप एक्शन के लिए हो जाइए तैयार! 26 दिनों में भारत खेलेगा 10 टी20 मैच, चेक करें शेड्यूल
वनडे में अभी छोटा है तिलक का अनुभव
हालांकि तिलक वर्मा ने अभी भारत के लिए सिर्फ 4 वनडे मैच खेले हैं. इन चार मैचों में उनके नाम 68 रन हैं और उनका औसत 22.66 का रहा है. वह वनडे में दो बार नंबर-3, एक बार नंबर-4 और एक बार नंबर-5 पर बल्लेबाजी कर चुके हैं. उनका आखिरी वनडे मुकाबला दिसंबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ था.
यानी आंकड़ों के लिहाज से तिलक को अभी लंबा सफर तय करना है, लेकिन उनकी प्रतिभा, बाएं हाथ की बल्लेबाजी और अलग-अलग परिस्थितियों में बल्लेबाजी करने की क्षमता उन्हें भविष्य के लिए मजबूत विकल्प बनाती है.
2027 वर्ल्ड कप होगा कोहली का आखिरी विश्व कप
विराट कोहली खुद साफ कर चुके हैं कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप भारत के लिए उनका आखिरी विश्व कप होगा. कोहली ने कहा है कि उनका लक्ष्य इस टूर्नामेंट में भारत को विश्व कप जिताने के लिए अपना सबकुछ झोंक देना है. 2027 का वर्ल्ड कप उनके करियर का पांचवां वनडे विश्व कप होगा.
यह भी पढ़ें: सुनील गावस्कर की ये ख्वाहिश पूरी कर पाएंगे रोहित शर्मा? संन्यास से पहले बनाना होगा खास रिकॉर्ड
ऐसे में भारतीय टीम के पास कोहली के उत्तराधिकारी को तैयार करने के लिए अभी समय है. तिलक वर्मा के अलावा ऋतुराज गायकवाड़ और शुभमन गिल भी नंबर-3 की रेस में संभावित विकल्प हो सकते हैं. गिल पहले ही अलग-अलग बल्लेबाजी क्रम पर अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं.
अभिषेक शर्मा की भी जाफर ने की तारीफ
वसीम जाफर ने इस दौरान युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के खेल में आए बदलाव की भी तारीफ की. उनका मानना है कि अभिषेक अब पहले की तुलना में ज्यादा संयम के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं. पहले वह पारी की शुरुआत में ही बड़ा शॉट खेलने की कोशिश करते थे, लेकिन अब उन्होंने परिस्थितियों को समझकर बल्लेबाजी करना शुरू किया है.
ऐसे में आने वाले सालों में टीम इंडिया में कई युवा बल्लेबाजों को बड़ी जिम्मेदारियां मिल सकती हैं. लेकिन अगर विराट कोहली के बाद नंबर-3 की बात करें, तो वसीम जाफर की नजर में तिलक वर्मा सबसे ऊपर हैं.