आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मैच में गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में उन्होंने 4 ओवर में 64 रन दे दिए, जो नॉकआउट मैचों में सबसे खराब स्पेल में से एक माना जा रहा है.
सुपर-8 चरण शुरू होने के बाद से वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन लगातार गिरता हुआ दिखाई दे रहा है. उन्होंने सुपर-8 के बाद से अब तक सिर्फ 4 विकेट ही लिए हैं. सेमीफाइनल में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने उनकी जमकर धुनाई की और उनकी मिस्ट्री स्पिन भी ज्यादा असरदार नहीं दिखी.
अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या फाइनल में भारत की टीम उन्हें बाहर कर सकती है, क्योंकि टीम का मुकाबला न्यूजीलैंड से होने वाला है.
सूर्या ने बताया वरुण को लेकर प्लान
रविवार को होने वाले फाइनल से पहले अहमदाबाद के में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से वरुण चक्रवर्ती की फॉर्म को लेकर सवाल पूछा गया. सूर्यकुमार यादव ने साफ कहा कि टीम मैनेजमेंट को उनकी फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है और टीम अभी भी उन पर पूरा भरोसा करती है.
उन्होंने कहा, वरुण की फॉर्म को लेकर हम चिंतित नहीं हैं. यह टीम गेम है और हमारा फोकस मैच जीतने पर है. हमने सेमीफाइनल जीता है और वह दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज हैं. उन्हें पता है कि टीम को कैसे जिताना है. बदलाव होगा या नहीं, यह मैच के वक्त देखा जाएगा.
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप फाइनल से पहले भारत-न्यूजीलैंड के कप्तानों में जुबानी जंग, सैंटनर की वार्निंग पर सूर्या ने दी ये चुनौती
सुपर-8 के बाद गिरा प्रदर्शन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वरुण चक्रवर्ती ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन किया था.
ग्रुप स्टेज तक उनका प्रदर्शन
* मैच: 4
* विकेट: 9
* औसत: 6.88
* इकॉनमी: 5.16
लेकिन सुपर-8 के बाद आंकड़े पूरी तरह बदल गए**
* मैच: 4
* विकेट: 4
* औसत: 46.50
* इकॉनमी: 11.62
क्या रही खराब फॉर्म की वजह?
वरुण चक्रवर्ती की खराब फॉर्म के पीछे कई कारण माने जा रहे हैं. अब विरोधी टीमें उनके स्पेल की शुरुआत से ही उन पर आक्रमण कर रही हैं. इससे उन्हें रक्षात्मक गेंदबाजी करनी पड़ रही है. इसके अलावा बल्लेबाज अब उनके हाथ से निकलती गेंद को पहले से बेहतर पढ़ पा रहे हैं. खासकर बाएं हाथ के बल्लेबाजों ने उन्हें ज्यादा परेशान किया है.