भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जून 2026 में श्रीलंका में होने वाली ट्राई नेशन सीरीज के लिए इंडिया A टीम की घोषणा गुरुवार (14 मई) की कर दी . इस टीम में सिर्फ युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ही नहीं, बल्कि IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई और खिलाड़ियों को भी मौका मिला है.
हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है. युवा बल्लेबाज ने IPL 2026 में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से काफी सुर्खियां बटोरीं. उनके अलावा प्रियांश आर्य, आयुष बदोनी और सूर्यांश शेडगे जैसे खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है.
ऑलराउंडर विभाग में रियान पराग, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे और विपराज निगम टीम को मजबूती देंगे. वहीं विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र के पास होगी.
गेंदबाजी में चयनकर्ताओं ने युवा तेज गेंदबाजों पर भरोसा जताया है. यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज और अरशाद खान को स्क्वॉड में शामिल किया गया है. IPL और घरेलू क्रिकेट में इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए यह चयन भविष्य की टीम इंडिया की तैयारी माना जा रहा है.
यह ट्राई सीरीज श्रीलंका में खेली जाएगी, जहां भारत A के अलावा श्रीलंका A और अफगानिस्तान A की टीमें हिस्सा लेंगी. सीमित ओवरों के मुकाबले दांबुला में आयोजित होंगे, जबकि बाद में होने वाले मल्टी-डे मैच गॉल में खेले जाएंगे. रेड बॉल सीरीज के लिए अलग टीम का ऐलान बाद में किया जाएगा.
सेलेक्शन कमेटी ने 15 सदस्यीय टीम की कमान तिलक वर्मा को सौंपी है, जबकि रियान पराग को उपकप्तान बनाया गया है. टीम में कई ऐसे चेहरे शामिल हैं जिन्होंने हाल के घरेलू सीजन और IPL में अपनी छाप छोड़ी है.
इंडिया A स्क्वॉड: तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उपकप्तान), आयुष बदोनी , निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद.
ट्राई सीरीज का शेड्यूल
9 जून 2026: भारत A vs श्रीलंका A
11 जून 2026: भारत A vs अफगानिस्तान A
13 जून 2026: अफगानिस्तान A vs श्रीलंका A
15 जून 2026: भारत A vs श्रीलंका A
17 जून 2026: भारत A vs अफगानिस्तान A
19 जून 2026: अफगानिस्तान A vs श्रीलंका A
21 जून 2026: फाइनल