scorecardresearch
 

एक दांव कैसे पड़ गया पाकिस्तान पर भारी, ईशान ने मैच के बाद खुद खोला राज

15 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को हराया. प्लेयर ऑफ द मैच ईशान किशन ने 40 गेंदों पर 77 रन बनाए. उन्होंने कहा कि विकेट आसान नहीं थी, लेकिन 160-170 रन का लक्ष्य दिमाग में था. अपने ऑफ-साइड खेल पर मेहनत का फायदा मिला. ईशान ने मुकाबले को खास बताया. उन्होंने बुमराह और हार्दिक की गेंदबाजी की तारीफ की, जिसने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया.

Advertisement
X
ईशान किशन प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए. (Photo: PTI)
ईशान किशन प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए. (Photo: PTI)

भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को ICC Men's T20 World Cup 2026 में ग्रुप स्टेज का मुकाबला खेला गया. पाकिस्तान पर भारत की शानदार जीत के बाद प्लेयर ऑफ द मैच ईशान किशन ने कहा कि शुरुआत में विकेट उतनी आसान नहीं थी, लेकिन उन्हें अपनी ताकत पर भरोसा था. उन्होंने कहा कि उनका फोकस अपनी स्ट्रेंथ पर खेलने और चीजों को आसान बनाए रखने पर था. ईशान ने बताया कि उन्होंने खास तौर पर अपने ऑफ-साइड खेल पर काफी मेहनत की है, जिसका फायदा इस मुकाबले में मिला. उन्होंने कहा, 'मेरे दिमाग में था कि अगर हम 160-170 रन बना लेते हैं तो यह हमारे लिए अच्छा स्कोर होगा.'

ईशान ने सिर्फ 40 गेंदों पर 77 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. ईशान के टी20 इंटरनेशनल करियर का ये 9वां अर्धशतक रहा. ईशान को सैम अयूब ने बोल्ड किया.

पूरे देश के लिए खास होता है मैच
भारत-पाकिस्तान मुकाबले को खास बताते हुए ईशान ने कहा कि यह मैच सिर्फ खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए विशेष होता है. पाकिस्तान के खिलाफ जीत से टीम का आत्मविश्वास बढ़ता है और आगे के मैचों के लिए पॉजिटिव एनर्जी मिलती है.

उन्होंने यह भी कहा कि जब शाहीन अफरीदी गेंदबाजी कर रहे थे तो उन्हें ज्यादा मूवमेंट महसूस नहीं हुई. हालांकि, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने जिस तरह दो ओवर में गेंदबाजी की, वह अविश्वसनीय था और मैच का रुख वहीं से बदल गया. ईशान की इस पारी ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई और टीम को टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत दिलाई.

Advertisement

भारत ने 61 रन से हराया
भारतीय टीम ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर-8 में जगह पक्की कर ली है. 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-ए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त दी.

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए. यह स्कोर मुकाबले के लिहाज से काफी चुनौतीपूर्ण साबित हुआ. जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर ढेर हो गई और लक्ष्य तक पहुंचने में नाकाम रही.

भारत की 9 मुकाबलों में 8वीं जीत
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ यह भारत की 9 मुकाबलों में 8वीं जीत है. साथ ही, टूर्नामेंट में भारत का जीत का सिलसिला लगातार 11 मैचों तक पहुंच गया है. गौरतलब है कि पिछले टी20 वर्ल्ड कप में भी भारत ने लगातार 8 मुकाबले अपने नाम किए थे, जबकि मौजूदा सीरीज में अब तक खेले गए तीनों मैचों में जीत दर्ज की है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement