आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया. अहमदाबाद में खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया. लेकिन उनके इस फैसले पर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पानी फेर दिया. दोनों ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की और शुरुआत में ही कीवी गेंदबाजी की कमर तोड़ दी.
इस मैच में संजू सैमसन के बल्ले से एक और फिफ्टी आई. ये वर्ल्ड कप में उनकी लगातार तीसरी फिफ्टी थी. इसके दम पर विकेटकीपर बल्लेबाज संजू ने एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है. सैमसन ने इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मुकाबलों में अर्धशतक लगाकर क्रिकेट के दिग्गजों की एक खास सूची में जगह बना ली है.
कोहली-आफरीदी के बराबर पहुंचे
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक बहुत कम बल्लेबाज ऐसे रहे हैं जिन्होंने एक ही संस्करण के सेमीफाइनल और फाइनल दोनों में 50 या उससे ज्यादा रन बनाए हों. इस खास क्लब में सबसे पहले शाहीद आफरीदी ने साल 2009 में जगह बनाई थी. इसके बाद विराट कोहली ने 2014 के टी20 वर्ल्ड कप में यह कारनामा किया था.
अब 2026 के टी20 वर्ल्ड कप में संजू सैमसन ने भी सेमीफाइनल और फाइनल दोनों में अर्धशतक जमाकर इस खास सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है. वहीं, सैमसन ने सेमीफाइनल से पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ भी फिफ्टी लगाई थी. वह मैच भी भारत के लिए क्वार्टर फाइनल जैसा था.
यह भी पढ़ें: T20 WC Final 2026: सैमसन-अभिषेक-ईशान का तूफान, फर्ग्यूसन ने डाले T20 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे महंगे ओवर
लगातार अर्धशतक लगाने वालों की सूची में भी शामिल
सिर्फ यही नहीं, संजू सैमसन ने लगातार तीन मैचों में 50 से ज्यादा रन बनाकर एक और खास उपलब्धि हासिल की है. टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में लगातार तीन मैचों में 50 प्लस स्कोर करने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी उनका नाम शामिल हो गया है.
इस सूची में श्रीलंका के दिग्गज महेला जयवर्धने ने 2010 में यह उपलब्धि हासिल की थी. वहीं विराट कोहली ने 2016 से 2021 के बीच टी20 वर्ल्ड कप में लगातार तीन 50 प्लस स्कोर बनाए थे.
यह भी पढ़ें: India vs New Zealand T20 Final Live Score: 89 रनों की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए संजू, भारत का स्कोर 200 के पार
इसके अलावा बाबर आजम और केएल राहुल ने 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में यह कारनामा किया था.
2026 में दो और बल्लेबाजों ने किया कमाल
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका के बल्लेबाज कुसल मेंडिस और पाकिस्तान के साहिबजादा फरहानने भी लगातार तीन मैचों में 50 से ज्यादा रन बनाए. अब इस सूची में संजू सैमसन का नाम जुड़ गया है.
अभिषेक ने भी बनाया रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा ने भी इस मैच में 12 गेंदों पर ही फिफ्टी पूरी कर ली. टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में किसी बल्लेबाज की ये सबसे तेज फिफ्टी रही. अभिषेक ने न्यूजीलैंड के फिन एलन का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में 19 बॉल पर फिफ्टी जमाई थी. अभिषेक को रचिन रवींद्र ने विकेटकीपर टिम सेफर्ट के हाथों कैच आउट कराया.