scorecardresearch
 

Amla Tambli Recipe: आंवले का अचार-मुरब्बा छोड़ें, इस बार चखें खट्टा-चटपटा आंवला ताम्बली

Amla Tambli Recipe: आंवले से सिर्फ अचार और मुरब्बा ही नहीं, बल्कि कई टेस्टी डिश भी बनाई जा सकती हैं. इन्हीं में से एक है साउथ इंडियन डिश आंवला ताम्बली. दही, नारियल और मसालों से तैयार यह डिश स्वाद में हल्की खट्टी और चटपटी होती है. इसे घर पर बनाना आसान है और गरम चावल के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.

Advertisement
X
साउथ इंडियन स्टाइल में बनाएं आंवला ताम्बली (Photo- ITG)
साउथ इंडियन स्टाइल में बनाएं आंवला ताम्बली (Photo- ITG)

Amla Tambli Recipe: अगर आप रोजाना एक जैसा खाना खाकर बोर हो गए हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो आंवला ताम्बली बना सकते हैं. इसे आंवला तंबुली (Amla Tambuli) भी कहा जाता है. यह दक्षिण भारत, खासकर कर्नाटक में बनाई जाने वाली एक पारंपरिक डिश है. इसे आंवला, नारियल, दही या छाछ और कुछ मसालों की मदद से तैयार किया जाता है. इसका स्वाद हल्का खट्टा और मसालेदार होता है. इसे गरम चावल के साथ खाने पर स्वाद और भी बढ़ जाता है.

आंवला विटामिन C समेत कई पोषक तत्वों का बेहतर सोर्स है. वहीं, दही या छाछ इस डिश को हल्का और ताजगी भरा स्वाद देते हैं. अगर आप खाने में कुछ अलग बनाना चाहते हैं तो इस आसान रेसिपी को घर पर ट्राई कर सकते हैं. आइए जानते हैं आंवला ताम्बली बनाते कैसे हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)

3 से 5 आंवले

एक चौथाई कप कद्दूकस किया हुआ नारियल

1 से डेढ़ कप छाछ या दही

नमक स्वादानुसार

1 छोटा चम्मच जीरा

आधा छोटा चम्मच काली मिर्च

1 हरी मिर्च

1 छोटा चम्मच घी

तड़के के लिए

1 से 2 छोटे चम्मच घी

आधा छोटा चम्मच सरसों के दाने

एक चौथाई छोटा चम्मच अजवाइन

कुछ करी पत्ते

1 दही में भिगोकर सुखाई गई मिर्च (वैकल्पिक)

आंवला ताम्बली बनाएं कैसे?

  1. सबसे पहले एक बर्तन में पानी गर्म करें. इसमें आंवले डालकर करीब 5 से 6 मिनट तक उबालें. आप चाहें तो इन्हें कुकर में 2 सीटी आने तक भी पका सकते हैं. आंवले पकने के बाद इन्हें ठंडा होने दें.
  2. जब आंवले ठंडे हो जाएं, तो इन्हें दबाकर या काटकर इनके बीज निकाल लें. अब आंवले का गूदा अलग रख दें.
  3. एक पैन में 1 छोटा चम्मच घी गर्म करें. इसमें जीरा, काली मिर्च और हरी मिर्च डालकर करीब एक मिनट तक भूनें. मसालों से खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें और इन्हें ठंडा होने दें.
  4. अब मिक्सर जार में नारियल, आंवले का गूदा, भुने हुए मसाले, स्वादानुसार नमक और थोड़ा छाछ डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह पीसकर चिकना पेस्ट बना लें.
  5. तैयार पेस्ट को एक बर्तन में निकालें. इसमें बची हुई छाछ मिलाएं. अगर मिश्रण ज्यादा गाढ़ा लगे, तो जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डाल सकते हैं. अगर आप दही का इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसे अच्छी तरह फेंटकर मिलाएं.
  6. अब तड़का तैयार करें. एक छोटी कड़ाही में घी गर्म करें. इसमें सरसों के दाने डालें. इनके चटकने पर अजवाइन, करी पत्ते और चाहें तो दही में भिगोकर सुखाई गई मिर्च डालकर थोड़ी देर भूनें.
  7. तैयार तड़के को आंवला ताम्बली में डालकर अच्छी तरह मिला दें. आपकी टेस्टी आंवला ताम्बली तैयार है. इसे गरम चावल के साथ परोसें और इसके खट्टे-मसालेदार स्वाद का आनंद लें.
---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement