scorecardresearch
 

T20 वर्ल्ड चैम्पियन टीम इंडिया पर बरसे करोड़ों, उपविजेता न्यूजीलैंड को भी मिली बंपर प्राइज मनी

भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया. भारतीय टीम की जीत में संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह की अहम भूमिका रही. संजू ने फाइनल में 89 रन बनाए, जबकि बुमराह ने चार विकेट झटके.

Advertisement
X
भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप जीता. (Photo: Getty)
भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप जीता. (Photo: Getty)

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने 96 रनों से जबरदस्त जीत हासिल की. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार (8 मार्च) को आयोजित इस खिताबी मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 256 रनों का टारगेट था, जिसका पीछा करते हुए कीवी टीम 159 रनों पर ढेर हो गई.

भारतीय ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता है. इससे पहले भारत ने 2024 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में बारबाडोस के मैदान पर साउथ अफ्रीका को पराजित किया था. दूसरी ओर न्यूजीलैंड ने अब तक टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीता है. कीवी टीम का ये इंतजार अब भी जारी है.

खिताबी मुकाबले के बाद विजेता भारत और उप-विजेता न्यूजीलैंड पर इनामों की बारिश हुई. टी20 वर्ल्डकप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम को 3 मिलियन डॉलर (लगभग 27.50 करोड़ रुपये) मिले. वहीं फाइनल हारने वाली कीवी टीम को 1.6 मिलियन डॉलर (लगभग 14.67 करोड़ रुपये) की प्राइज मनी मिली.

वहीं सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका को 0.79 मिलियन डॉलर (लगभग 7.24 करोड़ रुपये) मिले. वहीं, 5वें से 12वें स्थान तक रहने वाली टीमों को 0.38 मिलियन डॉलर (लगभग 3.48 करोड़ रुपये) और 13वें से 20वें पायदान वाली टीमों को 0.25 मिलियन डॉलर (लगभग 2.29 करोड़ रुपये) दिए गए.

Advertisement

आईसीसी ने बांटी रिकॉर्डतोड़ मनी
इस बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने कुल 13.5 मिलियन डॉलर (लगभग 123.77 करोड़ रुपये) का प्राइज पूल रखा गया, जो 2024 के टी20 वर्ल्ड कप की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत ज्यादा है. पिछले वर्ल्ड कप में कुल 11.25 मिलियन डॉलर बांटे गए थे. तब विजेता रही भारतीय टीम को 2.45 मिलियन डॉलर और फाइनल हारने वाली टीम साउथ अफ्रीका को 1.28 मिलियन डॉलर की प्राइज मनी हासिल हुई थी.

यह साफ दिखाता है कि टी20 वर्ल्ड कप की लोकप्रियता और इसकी कमर्शियल वैल्यू लगातार बढ़ रही है. टी20 वर्ल्ड कप अब सिर्फ क्रिकेट का रोमांच नहीं, बल्कि टीमों के लिए आर्थिक रूप से भी बड़ा मंच बन चुका है. बढ़ती प्राइज मनी इस बात का संकेत है कि टी20 क्रिकेट का ग्लोबल मार्केट लगातार मजबूत हो रहा है और आने वाले सालों में टी20 वर्ल्ड कप और भी भव्य होने वाला है.

टी20 वर्ल्डकप 2026 में प्राइज मनी
• भारत (विजेता): लगभग ₹27.50 करोड़
• न्यूजीलैंड (उप-विजेता): लगभग ₹14.67 करोड़
• सेमीफाइनल में हारने वाली टीम्स: लगभग ₹7.24 करोड़
• 5वें से 12वें स्थान वाली टीम: लगभग ₹3.48 करोड़
• 13वें से 20वें स्थान वाली टीम: लगभग ₹2.29 करोड़

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement