आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलियाई टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और वह सुपर-8 में नहीं पहुंच नहीं. 17 साल में ऐसा पहली बार ऐसा हुआ जब 2021 का टी20 वर्ल्ड कप चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गया. ऑस्ट्रेलियाई टीम को मौजूदा टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे और श्रीलंका से हार मिली. इसके बाद जिम्बाब्वे-आयरलैंड के बीच मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ने से वो टूर्नामेंट से नॉकआउट हो गया. हालांकि ऑस्ट्रेलियाई टीम का ओमान के खिलाफ मैच बाकी है, लेकिन शर्मनाक प्रदर्शन के बाद कंगारू टीम के 2028 ओलंपिक में भाग लेने की राह थोड़ी मुश्किल हो गई है.
बता दें कि क्रिकेट 126 साल बाद ओलंपिक में वापसी करने जा रहा है. लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 में महिला और पुरुष दोनों वर्गों में इसके मुकाबले टी20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे. मुकाबले कैलिफोर्निया के पोमोना स्थित फेयरप्लेक्स में आयोजित होंगे. महिला वर्ग के लिए क्वालिफिकेशन इस साल के टी20 वर्ल्ड कप से तय होगा, लेकिन मेन्स कैटेगरी को लेकर अभी तक तस्वीर साफ नहीं हुई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मेन्स इवेंट में 6 टीमें खेल सकती हैं. मेजबान संयुक्त राज्य अमेरिका को सीधी एंट्री मिलेगी. इसके अलावा आईसीसी के पांच रीजन अमेरिका, अफ्रीका, यूरोप, एशिया और ओशिनिया से कट-ऑफ तारीख पर ICC टी20I रैंकिंग की शीर्ष टीम्स को जगह मिलेगी.
न्यूजीलैंड के लिए समीकरण आसान नहीं...
फिलहाल ऑस्ट्रेलिया ICC टी20I रैंकिंग में तीसरे और न्यूजीलैंड चौथे स्थान पर है. ओशिनिया रीजन में ऑस्ट्रेलिया टॉप पर है, लेकिन न्यूजीलैंड यदि मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल या फाइनल तक पहुंच जाता है, तो वह रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ सकता है. हालांकि मामला इतना आसान नहीं है.
आईसीसी की रैंकिंग वेटेड सिस्टम पर आधारित है, जिसे सांख्यिकीविद डेविड केंडिक्स ने तैयार किया है. पिछले दो साल के मैचों को पूरा वेटेज मिलता है. उससे पहले के दो साल के मैचों को आधा वेटेज मिलता है. हर साल 1 मई के आसपास रैंकिंग अपडेट होती है. इस समय ऑस्ट्रेलिया की रेटिंग 48, जबकि न्यूजीलैंड की रैंकिग 62 मैचों पर आधारित है. अगर ऑस्ट्रेलियाई टीम ओमान से हारती है तो उसकी रेटिंग 258 से घटकर 256 हो सकती है.
न्यूजीलैंड के पास अभी 15,515 अंक हैं. ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ने के लिए उसे 17,152 अंक तक पहुंचना होगा, यानी बाकी पांच मैचों से 1,637 अंक जुटाने होंगे. मान लें कि न्यूजीलैंड सुपर-8 में पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका को हराए, फिर सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका और फाइनल में भारत को मात द तो भी उसे अधिकतम 1,491 अंक ही मिलेंगे. यानी वह 146 अंक पीछे रह जाएगा.
अगर ऑस्ट्रेलिया ओमान को हरा देता है और 258 रेटिंग बरकरार रखता है, तो न्यूजीलैंड के लिए अंतर पाटना और भी मुश्किल हो जाएगा, भले ही वह पहली बार टी20 वर्ल्ड कप भी क्यों ना जीत ले. ग्रुप स्टेज से बाहर होने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया की 2028 ओलंपिक की राह फिलहाल सुरक्षित नजर आती है. न्यूजीलैंड को रैंकिंग में कंगारुओं से आगे निकलने के लिए लगभग असंभव प्रदर्शन करना होगा. यानी ओशिनिया से ओलंपिक टिकट की दौड़ में अभी भी ऑस्ट्रेलिया की पकड़ मजबूत है.