मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने शुक्रवार को T20 मुंबई लीग सीजन-4 और पहली बार आयोजित होने वाली विमेंस T20 मुंबई लीग के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया. यह टूर्नामेंट 1 जून से 13 जून तक खेला जाएगा और सभी मुकाबले मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में होंगे.
टूर्नामेंट का आगाज डबल हेडर मुकाबलों के साथ होगा. पहले मैच में यशस्वी जायसवाल की मौजूदगी वाली बांद्रा ब्लास्टर्स टीम का सामना शार्दुल ठाकुर की ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स से होगा. वहीं शाम के मुकाबले में तुषार देशपांडे की मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स और सरफराज खान की आकाश टाइगर्स मुंबई वेस्टर्न सबर्ब्स आमने-सामने होंगी.
हालांकि इन स्टार खिलाड़ियों की उपलब्धता उनके IPL 2026 अभियान पर निर्भर करेगी. अगर उनकी फ्रेंचाइजी प्लेऑफ तक पहुंचती है तो शुरुआती मैचों में उनकी गैरमौजूदगी भी देखने को मिल सकती है.
पुरुष वर्ग के मुकाबले दोपहर 2 बजे और शाम 7 बजे खेले जाएंगे, जबकि विमेंस लीग के मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होंगे. मेन्स इवेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी और हर टीम पांच लीग मैच खेलेगी. लीग स्टेज खत्म होने के बाद टॉप-4 टीमें 11 जून को होने वाले सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी.
वहीं विमेंस लीग में तीन टीमें हिस्सा लेंगी, सोबो मुंबई फाल्कन्स, ठाणे स्काई राइजर्स और आकाश टाइगर्स मुंबई वेस्टर्न सबर्ब्स. विमेंस इवेंट 2 जून से शुरू होगी, जिसमें पहला मुकाबला साइमा ठाकोर की ठाणे स्काई राइजर्स और सयाली सतघरे की सोबो मुंबई फाल्कन्स के बीच खेला जाएगा. तीनों टीमें चार-चार लीग मैच खेलेंगी और टॉप-2 टीमें फाइनल में पहुंचेंगी.
MCA अध्यक्ष अंजिक्य नाइक ने कहा कि शेड्यूल जारी होने के साथ ही एक शानदार क्रिकेटिंग स्पेक्टेकल की शुरुआत हो गई है. उनके मुताबिक यह लीग मुंबई के युवा खिलाड़ियों को बड़े सितारों के साथ खेलने और खुद को साबित करने का शानदार मंच देगी.