Gen Z सिर्फ ऑफिस या एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में ही बल्कि हर फील्ड में धमाल मचा रहे हैं. इसका ताज़ा उदाहरण भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले गए तीसरे टी-20 मैच में देखनो को मिला. इस मैच को टीम इंडिया ने धमाकेदार अंदाज में 6 विकेट से अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ भारत ने 3-0 से सीरीज में बढ़त बना ली है.
कमाल ये रहा कि टीम इंडिया को ये मैच जिताने वाले भी Gen Z ही थे. टीम इंडिया ने 13.2 ओवर में ही मैच को अपने नाम कर लिया. इस मैच के सबसे बड़े हीरो रहे टीम इंडिया के धमाकेदार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा. अभिषेक ने शानदार 38 गेंदों में 113 रनों की पारी खेली. ये अभिषेक के टी20 इंटरनेशनल मैच का चौथा शतक था.
इस पारी में अभिषेक ने 11 छक्के और 9 चौके जड़े. पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 198/3 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद शानदार रही. अभिषेक ने वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 133 रनों की रिकॉर्ड पार्टनरशिप की.
इन खिलाड़ियों की खासियत सिर्फ इनकी उम्र नहीं, बल्कि मैदान पर इनका कॉन्फिडेंस और खेलने का अंदाज भी है. इनमें ऐसे बल्लेबाज हैं जो पहली ही गेंद से बड़े शॉट खेलने से नहीं घबराते, तो कुछ अपनी तकनीक और मैदान पर धैर्य के लिए पहचाने जाते हैं.
आइए जानते हैं ऐसे ही पांच Gen Z भारतीय क्रिकेटरों के बारे में, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से क्रिकेट फैंस के बीच खास जगह बनाई है.
1. तिलक वर्मा: भरोसेमंद मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज
8 नवंबर 2002 को हैदराबाद, तेलंगाना में जन्मे तिलक वर्मा बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं. वह भारतीय क्रिकेट टीम और आईपीएल में मुंबई इंडियंस से जुड़े रहे हैं. तिलक मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं और जरूरत के हिसाब से अपनी पारी का अंदाज बदल सकते हैं. उनकी खासियत है कि वह आक्रामक शॉट खेलने के साथ पारी को संभालने की जिम्मेदारी भी निभाते हैं. प्रेशर में शांत रहकर बैटिंग करने का उनका अंदाज उन्हें भारतीय क्रिकेट के अहम युवा खिलाड़ियों में शामिल करता है.
2. यशस्वी जायसवाल: आक्रामकता और तकनीक का मेल
28 दिसंबर 2001 को उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में जन्मे यशस्वी जायसवाल बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज हैं. उन्होंने घरेलू क्रिकेट में मुंबई की ओर से खेलते हुए अपनी पहचान बनाई और बाद में भारतीय टीम में जगह हासिल की. वह टेस्ट, वनडे और टी20 क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. यशस्वी की बल्लेबाजी में आक्रामकता के साथ तकनीक और धैर्य भी देखने को मिलता है. वह टेस्ट क्रिकेट में लंबी पारियां खेलने और सीमित ओवरों के मैचों में तेजी से रन बनाने के लिए जाने जाते हैं.
3. शुभमन गिल: क्लासिकल बल्लेबाजी के लिए मशहूर
8 सितंबर 1999 को पंजाब के फाजिल्का में जन्मे शुभमन गिल दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं. वह भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल हैं और IPL में गुजरात टाइटंस की कप्तानी भी कर चुके हैं. गिल को उनकी शानदार तकनीक, टाइमिंग और मैदान के चारों ओर शॉट खेलने की क्षमता के लिए जाना जाता है. वह जरूरत के मुताबिक आक्रामक और संयमित, दोनों तरह की बल्लेबाजी कर सकते हैं. अंडर-19 क्रिकेट से अपने करियर की शुरुआत करने वाले गिल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अपनी अलग पहचान बनाई है.
यह भी पढ़ें: Gen Z Outfit Repeat: हर बार नए कपड़े क्यों? Gen Z बदल रही है फैशन के मायने
4. रिंकू सिंह: फिनिशर के तौर पर बनाई पहचान
12 अक्टूबर 1997 को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में जन्मे रिंकू सिंह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं. वह भारतीय क्रिकेट टीम और IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए खेल चुके हैं. रिंकू की पहचान एक बेहतरीन फिनिशर के तौर पर बनी है. वो मैच के आखिरी ओवरों में प्रेशर के बीच बल्लेबाजी करने और बड़े शॉट लगाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. IPL में उनके परफॉरमेंस ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के चर्चित खिलाड़ियों में शामिल किया है.
5. हर्षित राणा: तेज गेंदबाजी से बनाई पहचान
22 दिसंबर 2001 को दिल्ली में जन्मे हर्षित राणा दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं. वह भारतीय क्रिकेट टीम और IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल चुके हैं. हर्षित अपनी तेज गेंदबाजी, उछाल हासिल करने की केपेबिलिटी और आक्रामक अंदाज के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने IPL में अपने प्रदर्शन से पहचान बनाई और इसके बाद भारतीय टीम में भी जगह हासिल की. सीमित ओवरों के क्रिकेट के साथ टेस्ट क्रिकेट में भी उन्हें मौका मिला है. उनकी गेंदबाजी उन्हें भारत के उभरते हुए युवा तेज गेंदबाजों में शामिल करती है.
भारतीय क्रिकेट में जेन जी का बढ़ता दबदबा
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा, यशस्वी जायसवाल, हर्षित राणा, रिंकु सिंह और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों ने दिखाया है कि भारतीय क्रिकेट में युवा टैलेंट लगातार आगे बढ़ रही हैं. इन सभी का खेलने का अंदाज अलग है. कोई आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बना रहा है, तो कोई तकनीक और धैर्य के दम पर मैच में अपनी भूमिका निभा रहा है. इन युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन क्रिकेट फैंस के बीच उत्साह बढ़ाता है और भारतीय क्रिकेट के फ्यूचर को लेकर उम्मीदें भी जगाता है.