scorecardresearch
 

Sri Lanka vs England T20 WC Highlights: इंग्लैंड के आगे श्रीलंकाई बल्लेबाजों का सरेंडर, सुपर-8 मैच में 147 रन भी चेज नहीं कर पाए

Sri Lanka vs England T20 World Cup 2026: पल्लेकेले के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच मुकाबला खेला गया. इस मुकाबले में श्रीलंका की बल्लेबाजी फ्लॉप हो गई. ये मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण था.

Advertisement
X
टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका-इंग्लैंड की टक्कर हुई. (Photo: Getty)
टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका-इंग्लैंड की टक्कर हुई. (Photo: Getty)

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 स्टेज का दूसरा मुकाबला रविवार (22 फरवरी) को इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच हुआ. पल्लेकेले के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने 51 रनों से जीत हासिल की. इंग्लैंड ने श्रीलंका को जीत के लिए 147 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन उसकी पूरी टीम 16.4 ओवरों में 95 रनों पर सिमट गई.

श्रीलंका और इंग्लैंड दोनों ही टीम्स ग्रुप स्टेज के दौरान अपने-अपने ग्रुप्स में दूसरे स्थान पर रही थीं. अब सुपर-8 में इंग्लैंड ने श्रीलंका को हराकर अपने इरादे जता दिए हैं.

टारगेट का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम ने पावरप्ले में ही पांच विकेट खो दिए. तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने दोनों सलामी बल्लेबाजों पथुम निसंका (9 रन) और कामिल मिशारा (6 रन) को पवेलियन भेजा. वहीं स्पिनर विल जैक्स ने कुसल मेंडिस (4 रन), पवन रथनायके (0 रन) और डुनिथ वेलालगे (10 रन) को क्रीज पर जमने नहीं दिया.

पांच विकेट गिरने के चलते श्रीलंकाई टीम पूरी तरह दबाव में आ गई. कप्तान दासुन शनाका ने कुछ बड़े शॉट्स जरूर खेले, लेकिन वो अंत तक डटे नहीं रह पाए. शनाका ने 2 छक्के और एक फोर की मदद से 24 बॉल पर 30 रन बनाए. इंग्लैंड की तरफ से विल जैक्स ने तीन विकेट झटके. आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर लियाम डॉसन को दो-दो सफलताएं हासिल हुईं. जबकि जेमी ओवर्टन ने एक विकेट लिया.

Advertisement

ऐसी रही इंग्लैंड की इनिंग्स
इससे पहले मुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड ने 9 विकेट पर 146 रन बनाए. सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट ने 40 गेंदों का सामना करते हुए सबसे ज्यादा 62 रनों का योगदान दिया, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. वहीं विल जैक्स ने 4 चौके की मदद से 14 बॉल पर 21 रनों की पारी खेली. बाकी के इंग्लिश बल्लेबाजों का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा.

जोस बटलर (7 रन), जैकब बेथेल (3 रन) और टॉम बैंटन (6 रन) ने खासा निराश किया. श्रीलंका की ओर से स्पिनर डुनिथ वेलालगे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके. महीश तीक्ष्णा और दिलशान मदुशंका को दो-दो सफलताएं हासिल हुई. जबकि दुष्मंथा चमीरा ने एक विकेट झटका.

श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच अब तक 18 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान इंग्लिश टीम ने 14 मैचों में जीत हासिल की. जबकि श्रीलंका को 4 मुकाबलों में जीत नसीब हुई. टी20 विश्व कप में भी इंग्लैंड ने श्रीलंका पर 6-1 से बढ़त बनाया हुआ है. टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका की इंग्लैंड पर पहली एवं इकलौती जीत 2012 में इसी मैदान पर आई थी.

मुकाबले में श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन: पथुम निसंका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पवन रथनायके, कामिंदु मेंडिस, दासुन शनाका (कप्तान), डुनिथ वेलालगे, दुशान हेमंथा, दुष्मंथा चमीरा, महीश तीक्ष्णा और दिलशान मदुशंका.

Advertisement

मुकाबले में इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवर्टन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर और आदिल राशिद.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement