
Snakes in the House: बारिश का मौसम आते ही मौसम सुहाना हो जाता है लेकिन यह मौसम सुरक्षा के नजरिए से काफी अहम होता है. यदि आपने थोड़ी सी भी लापरवाही की तो भयानक जीव आपके घर के अंदर तक घुस सकते हैं. ऐसा ही एक जीव है सांप (Snake). दरअसल, बारिश के कारण सांप अपने बिलों से बाहर निकल आते हैं और सूखी व गर्म जगह की तलाश में घरों का रुख करते हैं.
ऐसे में कई बार सांप घरों में घुसकर ऐसे कोनों में छिप जाते हैं, जहा नजर नहीं पड़ती. ऐसे में अगर आप कुछ संकेतों पर ध्यान दें तो आप समझ जाएंगे कि घर में सांप आ गया है ताकि आप किसी बड़ी घटना से बच सकें.
घर में सांप होने के संकेत
यदि आपको घर में चूहे, छिपकली या छोटे कीड़े अचानक से कम होते दिखे तो यह खतरे की घंटी हो सकती है. सांप मुख्य रूप से चूहों का शिकार करते हैं. इसके अलावा अगर घर में किसी कोने से अजीब सी गंध (मस्क जैसी स्मेल) आ रही है तो सावधान हो जाएं क्योंकि ये सांप की मौजूदगी का संकेत है.
सांपों की त्वचा का टेक्सचर काफी अलग होता है यदि आपको दीवारों पर या फर्श पर कोई फिसलन वाला निशान या सांप की केचुली दिखे तो इसे भूलकर भी नजरअंदाज न करें.

सांपों के छिपने की पसंदीदा जगहें
सांप आमतौर पर अंधेरे और नमी वाले कोनों में रहना पसंद करते हैं इसलिए घर के पुराने स्टोर रूम, अलमारी के पीछे, भारी सामान के नीचे या किचन की नमी वाली जगह उनकी पसंदीदा होती हैं क्योंकि वहां नमी रहती है.
बारिश के दौरान कई बार वे जूते-चप्पलों के रैक, सोफा, हेलमेट आदि में भी घुस जाते हैं इसलिए इन्हें भी समय-समय पर चेक करते रहें.
घर में सांप दिखे तो क्या करें?
यदि आपको आपके घर में सांप दिखे तो सबसे पहले धैर्य रखें. घबराने या चिल्लाने से सांप और भी ज्यादा आक्रामक हो सकता है. सांप से एक सुरक्षित दूरी बनाएं और उस कमरे को तुरंत बंद कर दें ताकि वह बाहर न निकल पाए. इसे खुद पकड़ने या मारने की कोशिश करने की गलती बिल्कुल न करें. तुरंत किसी प्रोफेशनल स्नेक कैचर को कॉल करें.
बचाव के लिए ये कदम उठाएं
घर के आसपास झाड़ियों को बढ़ने न दें और कबाड़ का ढेर जमा न होने दें. खिड़कियों और दरवाजों के नीचे की गैप को बंद रखें. घर में कीटनाशकों का इस्तेमाल करें लेकिन याद रखें कि सबसे बड़ा बचाव जागरूकता ही है.
बारिश के दिनों में अपने घर के कोनों की सफाई पर अधिक ध्यान दें ताकि अनचाहे मेहमानों को घर में रहने का मौका न मिले.