आईपीएल 2026 का 24वां मुकाबला आज मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खेला जा रहा है. ये मुकाबला वानखेड़े मैदान पर हो रहा. जहां टॉस जीतकर पंजाब किंग्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है. इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस हर हाल में वापसी की तलाश में है, क्योंकि टीम को लगातार 3 मैच में हार झेलनी पड़ी है. इस मैच में रोहित शर्मा नहीं खेल रहे हैं. मुंबई इंडियंस की बैटिंग जारी है. इस मुकाबले का लाइव स्कोरकार्ड और पल-पल की अपडेट जानने के लिए आप इस पेज को लगातार रिफ्रेश करते रहें.
ऐसे चल रही है मुंबई की बैटिंग
पहले बैटिंग के लिए उतरी मुंबई के लिए पारी की शुरुआत रेयान रिकेल्टन और क्विंटन डीकॉक ने की. लेकिन तीसरे ही ओवर में अर्शदीप कहर बनकर टूटे और पहले रेयान फिर सूर्या दोनों का विकेट झटक लिया. सूर्यकुमार यादव अपना खाता भी नहीं खोल सके. लेकिन इसके बाद नमन धीर और क्विंटन डिकॉक ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की.
दोनों के बीच 68 गेंदों में 122 रनों की साझेदारी हुई. लेकिन 14वें ओवर में नमन धीर अपना विकेट गंवा बैठे. नमन के बल्ले से 51 रन आए.
पंजाब किंग्स (प्लेइंग इलेवन): प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर, कूपर कोनोली, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल.
मुंबई इंडियंस (प्लेइंग इलेवन): क्विंटन डी कॉक, रेयान रिकेल्टन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, मयंक रावत, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह.
मुंबई इंडियंस के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, क्योंकि टीम इस समय खराब दौर से गुजर रही है. सीजन की शुरुआत में संतुलित नजर आ रही टीम अब तक उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है. ओपनिंग मैच जीतने के बाद टीम लगातार तीन मुकाबले हार चुकी है और अब वापसी के लिए जूझ रही है.
मुंबई की सबसे बड़ी कमजोरी इस सीजन में पावरप्ले प्रदर्शन रहा है. चार मैचों में शुरुआती ओवरों में टीम सिर्फ तीन विकेट ही हासिल कर पाई है. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने रन जरूर रोके हैं, लेकिन चार मैचों में एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं. उनके साथ ट्रेंट बोल्ट और कप्तान हार्दिक पंड्या भी गेंदबाजी में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं.
बल्लेबाजी में भी टीम की शुरुआत धीमी रही है. पावरप्ले में रन नहीं बनने के कारण मिडिल ऑर्डर पर दबाव बढ़ जाता है, जहां सूर्या और तिलक जैसे खिलाड़ी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. तिलक वर्मा का फॉर्म खास तौर पर चिंता का विषय बना हुआ है.
दूसरी ओर पंजाब किंग्स शानदार फॉर्म में नजर आ रही है. पिछले मुकाबले में टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पावरप्ले में बिना विकेट खोए 93 रन बनाकर अपनी ताकत दिखाई थी. कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में टीम संतुलित और आत्मविश्वास से भरी दिख रही है.