आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव की वापसी जितनी चर्चा में रही, उतनी ही आलोचनाओं का सामना भी उन्हें करना पड़ा. लेकिन इस बीच वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज और कमेंटेटर इयान बिशप उनके समर्थन में खुलकर सामने आए हैं.
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 22 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में मयंक यादव ने 353 दिनों के लंबे इंतजार के बाद मैदान पर वापसी की. हालांकि उनका कमबैक मैच उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. उन्होंने 4 ओवर में बिना विकेट लिए 56 रन लुटाए और टीम को 40 रन से हार का सामना करना पड़ा.
मयंक यादव इस सीजन के पहले 6 मुकाबले नहीं खेल पाए थे, क्योंकि वह लंबे समय से पीठ की गंभीर चोट से उबर रहे थे. करीब एक साल तक क्रिकेट से दूर रहने के बाद उनकी वापसी आसान नहीं रही.
उनके प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर आलोचनाएं शुरू हो गईं, जिस पर इयान बिशप ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने X (ट्विटर) पर लिखा-आज मयंक यादव के खिलाफ निगेटिव कमेंट्स देखना बेहद डरावना है. इस खिलाड़ी का करियर 21 साल की उम्र में लगभग खत्म हो गया था. उसे दोबारा खेलते देखना ही बड़ी बात है. 150 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी करना किसी चमत्कार से कम नहीं है.
To see negative comments about Mayank Yadav today is horrifying. The kid nearly lost his career & livelihood at 21yrs. Just to see him play again is huge boost. The fact that he clocked 150kph again is a miracle. At 23yrs just pray for him that he stays fit. The control will come
— Ian Raphael Bishop (@irbishi) April 23, 2026
बिशप ने आगे कहा कि 23 साल की उम्र में मयंक को समय और सपोर्ट की जरूरत है, उनका कंट्रोल समय के साथ बेहतर होगा.
गौरतलब है कि पिछले सीजन में भी मयंक सिर्फ 2 मैच ही खेल पाए थे, क्योंकि उन्हें लोअर बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर की समस्या दोबारा हो गई थी. यही चोट उनके करियर में सबसे बड़ी बाधा बनी रही है. उनका आखिरी प्रतिस्पर्धी मुकाबला भारत A के लिए नामीबिया के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप वॉर्म-अप मैच था, जहां उन्होंने 2 मैचों में 2/17 का प्रदर्शन किया था.
मयंक यादव को लखनऊ सुपर जायंट्स ने IPL 2022 ऑक्शन में 20 लाख रुपये में खरीदा था. लेकिन उनकी रफ्तार और क्षमता को देखते हुए फ्रेंचाइजी ने 2025 सीजन के लिए उन्हें 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया, और चोटों के बावजूद 2026 में भी उन पर भरोसा कायम रखा.
अब देखना दिलचस्प होगा कि यह युवा तेज गेंदबाज आने वाले मैचों में मयंक यादव अपनी लय हासिल कर पाते हैं या नहीं.