बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 6 विकेट से मात दी. 28 मार्च (शनिवार) को आयोजित इस मुकाबले में एसआरएच ने आरसीबी को जीत के लिए 202 रनों का टारगेट दिया था. इस टारगेट को आरसीबी ने सिर्फ 15.4 ओवरों में ही हासिल कर लिया. आरसीबी की इस धमाकेदार जीत के तीन बड़े हीरो रहे- विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल और जैकब डफी.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने पावरप्ले में अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और नीतीश कुमार रेड्डी के विकेट्स झटककर सनराइजर्स हैदराबाद की रफ्तार पर ब्रेक लगाया. आईपीएल डेब्यूटेंट डफी की सटीक गेंदबाजी के चलते ही सनराइजर्स हैदराबाद बहुत बड़ा स्कोर नहीं बना सकी. 22 रन देकर तीन विकेट लेने वाले डफी 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत मजबूत रही. विराट कोहली ने एक बार फिर अपने अनुभव का परिचय देते हुए पारी को संभाला और टीम को ठोस आधार दिया. उन्होंने शुरुआत में जोखिम कम लेते हुए पारी को आगे बढ़ाया और फिर मौके मिलते ही रन गति तेज की.
देवदत्त पडिक्कल का दिखा तूफानी अंदाज
दूसरी ओर फिल साल्ट के सस्ते में आउट होने के बाद उतरे देवदत्त पडिक्कल ने बेहद तूफानी बल्लेबाजी की. इम्पैक्ट सब पडिक्कल ने सिर्फ 26 गेंदों पर 61 रन ठोक दिए, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल थे. पडिक्कल और कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 101 रनों की साझेदारी हुई, जिसने मैच को एकतरफा बना दिया. दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी.
देवदत्त पडिक्कल तो आउट हो गए, लेकिन विराट कोहली की शानदार बैटिंग जारी रही और वो मैच जिताकर ही पवेलियन लौटे. कोहली ने इस दौरान कप्तान रजत पाटीदार (31 रन) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी की. कोहली ने 5 छक्के और 5 चौके की मदद से 38 गेंदों पर नाबाद 69 रन बनाए. कोहली ने इस दौरान 33 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की. कोहली के आईपीएल करियर का ये 64वां अर्धशतक रहा.
ईशान किशन की इनिंग्स काम नहीं आई
मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 201 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. टीम के कप्तान ईशान किशन ने 38 गेंदों में 80 रन की धमाकेदार पारी खेली, जबकि अनिकेत वर्मा (43 रन) और हेनरिक क्लासेन (31 रन) ने भी अहम योगदान दिए. क्लासेन-ईशान के बीच चौथे विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी हुई, जिसने सनराइजर्स हैदराबाद के बड़े स्कोर की नींव रखी.
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने बड़े लक्ष्य को हासिल करते हुए आईपीएल 2026 में जीत के साथ आगाज किया. इस मुकाबले में जहां विराट कोहली का अनुभव, देवदत्त पडिक्कल की आक्रामकता और जैकब डफी की गेंदबाजी देखने लायक रही. वहीं फिल साल्ट की फील्डिंग ने भी मैच में बड़ा फर्क पैदा किया. आईपीएल के इस हाई-वोल्टेज ओपनर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने यह साफ कर दिया कि वह इस सीजन भी खिताब के प्रबल दावेदार है.