आईपीएल 2026 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव ने अपनी वापसी को लेकर बड़ा खुलासा किया है. लगातार चोटों से जूझने के बाद अब मयंक मैदान पर लौटने के लिए तैयार हैं और उन्होंने इस सफर में जसप्रीत बुमराह को को अपना सबसे बड़ा सहारा और गुरु बताया है.
आईपीएल 2024 में हुए थे इंजर्ड
मयंक यादव पिछले दो साल से चोटों से परेशान रहे. आईपीएल 2024 के दौरान उन्हें बड़ा झटका लगा था, जबकि गंभीर पीठ की चोट के चलते वह आईपीएल 2025 से भी बाहर हो गए थे. इसके बाद उन्होंने सर्जरी कराई और बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में लंबा रिहैब पूरा किया.
रिहैब के दौरान उनकी मुलाकात जसप्रीत बुमराह से हुई, जिन्होंने पहले इसी तरह की सर्जरी झेली थी. मयंक ने बताया कि बुमराह उनके लिए एक ‘गुरु’ की तरह हैं और उन्होंने वापसी के पूरे प्रोसेस को समझने में काफी मदद की.
यह भी पढ़ें: जसप्रीत बुमराह को हर साल होगा 2 करोड़ का नुकसान? BCCI के एक फैसले से लगा तगड़ा झटका
बुमराह को लेकर क्या बोले मयंक
मयंक ने कहा, “बुमराह भैया ने मुझे बताया कि सर्जरी के बाद शरीर कैसे रिएक्ट करता है. कभी अच्छा लगेगा, कभी नहीं. उन्होंने हर कदम पर मुझे गाइड किया और आज भी कॉल या मैसेज पर सलाह देते हैं.”
चोटों के इस दौर ने मयंक की सोच भी पूरी तरह बदल दी है. उन्होंने माना कि पहले वह अपनी फिटनेस और रिकवरी को गंभीरता से नहीं लेते थे, लेकिन अब उन्होंने डाइट, नींद और ट्रेनिंग पर खास ध्यान देना शुरू कर दिया है. मयंक ने कहा, “अब मैं समझ गया हूं कि जितना मैं अपने शरीर का सम्मान करूंगा, उतना ही वह मैदान पर मेरा साथ देगा.”
यह भी पढ़ें: PAK सेलेक्टर ने बुमराह की इस स्पिनर से कर डाली तुलना, बॉलिंग एक्शन को लेकर किया ये अजीब दावा
बचपन से ही तेज गेंदबाजी के शौकीन मयंक यादव को दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज गेंदबाज डेल स्टेन से प्रेरणा मिली. उनके पिता उन्हें इन खिलाड़ियों के वीडियो दिखाया करते थे. अब पूरी तरह फिट होकर मयंक यादव आईपीएल 2026 में दमदार वापसी के लिए तैयार हैं और उनकी नजर एक बार फिर अपनी रफ्तार से बल्लेबाजों को चौंकाने पर है.