28 मार्च से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन की शुरुआत होने जा रही है. आईपीएल 2026 से पहले वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ड्वेन ब्रावो अजीब विवाद में फंस गए हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मेंटर ड्वेन ब्रावो का एक बयान मीडिया इवेंट के दौरान माइक ऑन रहते हुए रिकॉर्ड हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
इस इवेंट में केकेआर के हेड कोच अभिषेक नायर, असिस्टेंट कोच शेन वॉटसन और कप्तान अजिंक्य रहाणे भी मौजूद थे. बातचीत के दौरान ड्वेन ब्रावो कहते सुनाई दिए, 'जब इनलोगों ने मुझे फोन किया, तो मेरे घर पर दो लड़कियां थीं. ब्रावो आगे कुछ और कहते, लेकिन तभी रहाणे ने उन्हें इशारा किया कि माइक ऑन है.
ड्वेन ब्रावो ने महिलाओं का अपमान किया?
इसके बाद ड्वेन ब्रावो ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए बकवास (Shit) कहा और असहज नजर आए. इसके बाद सभी लोग सतर्क हो गए. यह वीडियो वायरल होते ही ब्रावो को सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है. कई यूजर्स ने उनके बयान को महिलाओं के प्रति अपमानजनक और गैर जिम्मेदाराना बताया.
हालांकि, यह साफ नहीं है कि ड्वेन ब्रावो जिन दो लड़कियों की बात कर रहे थे, वे कौन थीं. संभव है कि वे सिर्फ उनके दोस्त हों. ऐसे में इस एक क्लिप के आधार पर पूरी तरह निष्कर्ष निकालना भी सही नहीं माना जा रहा.
हार्दिक पंड्या को मांगनी पड़ी थी माफी
क्रिकेट में इस तरह की घटनाएं नई नहीं हैं. इससे पहले भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या भी 'कॉफी विद करण' में दिए गए अपने बयान को लेकर विवादों में घिर चुके हैं. हार्दिक को अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी थी. उन्होंने कहा था कि शो के माहौल में वह बहक गए थे और किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था.
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि क्रिकेटर्स हमेशा कैमरों और माइक के दायरे में रहते हैं. एक छोटी सी टिप्पणी भी बड़ी विवाद का रूप ले सकती है. अब देखना होगा कि ड्वेन ब्रावो इस मामले पर कोई सफाई देते हैं या नहीं, लेकिन फिलहाल यह वीडियो आईपीएल से पहले केकेआर के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहा है.