इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को बड़ा झटका लगा है. टीम के 18 वर्षीय युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे अब पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए पुष्टि की कि सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 18 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में बल्लेबाजी के दौरान उनके बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट आई.
CSK के मुताबिक, यह चोट इतनी गंभीर है कि आयुष को अब 6 से 12 हफ्तों तक रिहैबिलिटेशन से गुजरना होगा, जिससे उनका IPL 2026 में वापसी करना संभव नहीं है.
इस मुकाबले में आयुष म्हात्रे इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर उतरे थे और उन्होंने तेज शुरुआत करते हुए 17 गेंदों में 30 रन बनाए. हालांकि, एक रन लेते समय उन्हें अचानक दर्द महसूस हुआ. इसके बावजूद वह कुछ समय तक बल्लेबाजी करते रहे, जिससे अब टीम मैनेजमेंट पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
फैन्स और क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने CSK के फैसले की आलोचना की है. सोशल मीडिया पर यह मुद्दा तेजी से वायरल हो गया, जहां कई लोगों का मानना है कि खिलाड़ी पहले से असहज दिख रहा था और उसके पैर पर स्ट्रैपिंग भी थी, फिर भी उसे बल्लेबाजी जारी रखने दी गई.
Official Announcement
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) April 21, 2026
Ayush Mhatre has been ruled out of the remainder of IPL 2026 due to a left hamstring injury sustained while batting during the match against Sunrisers Hyderabad on April 18.
Ayush's injury will require a rehabilitation period of 6-12 weeks.
We wish Ayush… pic.twitter.com/7bGrFvqjY9
यह चोट CSK के लिए और भी चिंता की बात है क्योंकि टीम पहले से ही चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही है. तेज गेंदबाज खलील अहमद भी चोट के कारण टीम से बाहर हैं, जिससे टीम का संतुलन लगातार बिगड़ रहा है.
CSK का IPL 2026 सीजन पहले ही उतार-चढ़ाव भरा रहा है, और अब आयुष म्हात्रे के बाहर होने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं. टीम को अब नए कॉम्बिनेशन के साथ आगे बढ़ना होगा.
फ्रेंचाइजी ने अपने बयान में कहा- आयुष म्हात्रे IPL 2026 के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं. उन्हें बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है, जिसके लिए 6-12 हफ्तों का रिहैब जरूरी है. हम उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं.
आयुष म्हात्रे का आईपीएल 2026 में प्रदर्शन
आयुष म्हात्रे की बात की जाए तो वो मौजूदा आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से अब तक रन बनाने के मामले में सबसे आगे हैं. आयुष ने 6 मैचों की 6 पारियों में 201 रन 33.50 के एवरेज और 177.87 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं.
कौन होगा आयुष म्हात्रे का रिप्लेसमेंट?
आयुष म्हात्रे के IPL 2026 से बाहर होने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के सामने अब सबसे बड़ा सवाल उनकी जगह भरने का है. हालांकि टीम के पास मुंबई इंडियंस के खिलाफ अगले मुकाबले से पहले 4 दिन का समय है, जिससे उन्हें प्लानिंग करने का मौका मिल गया है.
CSK का अगला मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुरुवार (23 अप्रैल) को वानखेड़े स्टेडियम में होना है, जो हमेशा से हाई-प्रेशर मैच माना जाता है. ऐसे में टीम किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहेगी. इसी बीच उर्विल पटेल का नाम सबसे आगे निकलकर सामने आ रहा है. उर्विल एक आक्रामक बल्लेबाज हैं और T20 क्रिकेट में 28 गेंदों में शतक जड़ने का कारनामा कर चुके हैं, जो उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी का सबूत है.
आयुष म्हात्रे के जाने के बाद CSK को एक ऐसे खिलाड़ी की जरूरत है जो तुरंत टीम में फिट हो सके और बिना ज्यादा बदलाव के संतुलन बनाए रखे. उर्विल इस रोल के लिए एक 'रेडीमेड रिप्लेसमेंट' साबित हो सकते हैं.