तो एक और टी20 सीरीज का कारवां न्यूजीलैंड की धरती पर पहुंच चुका है. भारत 5 मैचों की सीरीज का अपना पहला मुकाबला गुरुवार (22 अक्टूबर) को क्राइस्टचर्च में खेलेगी. सीरीज टी20 वाली है तो पूरे धूमधड़़ाके की उम्मीद फैन्स कर रहे होंगे, सोच रहे होंगे यहां भी भारतीय बल्लेबाज खूब रन बरसाएंगे. शायद 300 भी बन सकते हैं.
लेकिन रुकिए ....
क्योंकि ये न्यूजीलैंड है जनाब, यहां उस तरह का धूमधड़ाका मुश्किल है जो भारत में देखने को मिल जाता है. कैसे, तो वो समझ लीजिए...
#TeamIndia begin preps for the T20I series against New Zealand. Our first training session commences here at the Hagley Oval, Christchurch. #NZvIND https://t.co/feRiNUN2Sc
— BCCI (@BCCI) October 21, 2026
यहां का पिचों का सरप्राइजिंग फैक्टर यह है कि यहां भारतीय टीम ने टी20 में खेलते हुए महज 2 बार ही 200 प्लस का स्कोर बनाया. वहीं न्यूजीलैंड-भारत के टी20 मुकाबले में कीवी धरती पर सबसे बड़ा स्कोर 219/6 का है, जो न्यूजीलैंड ने वेलिंगटन में 6 फरवरी 2019 को बनाया और मैच 80 रनों से जीता.
जब टीम इंडिया ने टी20 में न्यूजीलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ 200 प्लस का स्कोर बनाया तो क्या हुआ?
भारतीय टीम ने सबसे पहली बार 10 फरवरी 2019 को हैमिल्टन में हुए टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड के 213 रनों के टारगेट के जवाब में 208 रनों का स्कोर बनाया था. भारतीय टीम को 4 रनों से मुकाबले में हार मिली थी. न्यूजीलैंड की ओर से तब कोलिन मुनरो ने 72 रनों की शानदार पारी खेली थी.
फिर दूसरी बार भारत ने न्यूजीलैंड में 24 जनवरी 2020 को न्यूजीलैंड की धरती पर 200 प्लस का स्कोर बनाया था. ऑकलैंड में हुए उस टी20 मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया था. तब न्यूजीलैंड की टीम ने पहले खेलते हुए 203/5 का स्कोर बनाया था. जवाब में भारतीय टीम ने 6 गेंद शेष रहते हुए मुकाबला जीत लिया.
उस मैच में मौजूदा टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने 29 गेंदों पर 58 रनों की नाबाद और तूफानी पारी खेली थी. यह दूसरा मौका था जब भारतीय टीम का न्यूजीलैंड के खिलाफ 200 प्लस स्कोर बना.
क्या इस बार न्यूजीलैंड में टी20 में 300 पार होगा?
वैसे टी20 में सबसे बड़ा स्कोर जिम्बाब्वे ने 23 अक्टूबर 2024 को गाम्बिया के खिलाफ नैरोबी के रुआराका स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर बनाया था, तब जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 344 रन बनाए थे. टीम का रन रेट 17.20 रहा और उसने मुकाबला जीत लिया.
वहीं भारतीय टीम ने 12 अक्टूबर 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में 20 ओवर में 6 विकेट पर 297 रन बनाए. टीम का रन रेट 14.85 रहा और भारत ने मुकाबला अपने नाम किया. यह भारतीय टीम का अब तक का टी20 में हाइएस्ट स्कोर है.
न्यूजीलैंड की धरती पर टी20 क्रिकेट में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम दर्ज है. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 16 फरवरी 2018 को ऑकलैंड के ईडन पार्क में न्यूजीलैंड के खिलाफ 18.5 ओवर में 5 विकेट पर 245 रन बनाए थे. इस मुकाबले में पहले खेलते हुए कीवी टीम ने 243/6 का स्कोर बनाया था.
सवाल वही कि क्या टीम इंडिया की लॉन्ग बैटिंंग लाइनअप, जिसमें संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर हैं और तमाम धूमधड़ाका करने वाले बल्लेबाज हैं, क्या वो 300 प्लस का स्कोर यहां बना पाएंगे?
अब ये आंकड़ा भी देख लीजिए...
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के प्रदर्शन पर नजर रहेगी. दोनों देशों में टी20 क्रिकेट के आंकड़ों में बड़ा अंतर देखने को मिला है. न्यूजीलैंड में जहां पिछले 8 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में कोई टीम 200 रन का आंकड़ा नहीं छू सकी, वहीं भारत में खेले गए पिछले 3 पूरे टी20 इंटरनेशनल मैचों में दोनों टीमों ने 200 से ज्यादा रन बनाए हैं.
भारत के लिए न्यूजीलैंड में पिछली दो बाइलेट्रल टी20 सीरीज का रिकॉर्ड भी अच्छा रहा है. टीम इंडिया ने ये दोनों सीरीज अपने नाम की थीं. ऐसे में भारतीय टीम की नजरें इस प्रदर्शन को दोहराने पर होंगी. वहीं, न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में कम स्कोर वाले मुकाबलों का रिकॉर्ड बल्लेबाजों के सामने अलग चुनौती पेश कर सकता है.
वैसे भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में मौसम की भूमिका अहम हो सकती है. न्यूजीलैंड में गर्मियों की शुरुआत के बावजूद सीरीज से पहले मौसम अच्छा रहा है. दिन में तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के मध्य तक रहने की उम्मीद है, लेकिन खिलाड़ियों को इसका पूरा फायदा शायद नहीं मिले.
रात 8 बजे (न्यूजीलैंड के समयानुसार, भारत के समयानुसार दोपहर साढ़े 12 बजे) मैच शुरू होने तक मौसम काफी ठंडा हो सकता है. ताजी पिच के कारण मैदान पर भी ठंडक महसूस हो सकती है. इसके अलावा, देर रात ओस पड़ने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता. ऐसे में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ मौसम पर भी नजर रहेगी.