Wood Furniture Polishing Tips: शायद ही कोई ऐसा घर जिसमें लकड़ी का फर्नीचर ना हो. लकड़ी का फर्नीचर ना केवल कंफर्टेबल और टिकाऊ होता है, बल्कि घर को लग्जरी लुक भी देता है. लेकिन जो लकड़ी का फर्नीचर शुरुआत में प्रीमियम और चमकदार लगता है, वहीं समय के साथ अपनी चमक खोने लगता है और फीका पड़ जाता है. रोजाना की धूल, मिट्टी, हाथों के निशान और लंबे समय तक सफाई न होने की वजह से टेबल, कुर्सी या कैबिनेट की सतह धीरे-धीरे फीकी और बेजान नजर आने लगती है. ऐसे में लोग कुछ-कुछ सालों में त्योहारों से पहले कारपेंटर को बुलाकर अपने फर्नीचर की चमक लौटाने के लिए पॉलिश कराते हैं. लकड़ी की पॉलिश महंगी आती है और कारपेंटर भी खूब पैसे ले लेता है.
अगर आप भी ऐसा ही करते हैं या करने की सोच रहे हैं, तो रुक जाएं. फर्नीचर को चमकाने के लिए हर बार महंगी वुडन पॉलिश खरीदने की जरूरत नहीं है. अगर आपके घर में भी कोई पुराना लकड़ी का फर्नीचर डल नजर आने लगा है, तो एक आसान घरेलू ट्रिक आजमा सकते हैं. इसमें कुछ ऐसी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है, जो आमतौर पर घर में आसानी से मिल जाती हैं. चलिए जानते हैं आप बिना पैसे खर्च किए पुराने फर्नीचर को फिर से नए जैसा कैसे चमका सकते हैं.
घर पर तैयार करें आसान वुड क्लीनिंग और पॉलिशिंग मिक्स
इस घरेलू मिक्स को तैयार करने के लिए मस्टर्ड ऑयल यानी सरसों का तेल, शैम्पू, सिरका यानी विनेगर और बेकिंग सोडा लिया जाता है. इन चीजों को मिलाकर एक ऐसा मिश्रण तैयार किया जाता है, जिसे लकड़ी की सतह पर हल्के हाथों से लगाया जा सकता है.
ध्यान रखें कि मिश्रण में किसी भी चीज की बहुत ज्यादा मात्रा डालने की जरूरत नहीं है. थोड़ी मात्रा से शुरुआत करें और इस्तेमाल से पहले फर्नीचर के छोटे हिस्से पर पैच टेस्ट जरूर कर लें.
फर्नीचर पर कैसे करें इस्तेमाल?
सबसे पहले फर्नीचर की सतह से धूल साफ कर लें. अब तैयार किए गए मिक्स को एक साफ और मुलायम कपड़े की मदद से लकड़ी की सतह पर हल्के हाथों से रगड़ें. बहुत ज्यादा घिस-घिसकर लगाने या सतह को जरूरत से ज्यादा गीला करने से बचें.
कुछ देर हल्के हाथों से साफ करने के बाद एक दूसरे सूखे और साफ कपड़े से पूरी सतह को अच्छी तरह पोंछ दें. इससे फर्नीचर पर जमा गंदगी और मैल हटाने में मदद मिल सकती है और उसकी सतह पहले के मुकाबले साफ व चमकदार दिखाई दे सकती है.
इस हैक को आजमाने से पहले रखें ये सावधानी
हर लकड़ी के फर्नीचर की फिनिश अलग होती है. खासतौर पर पॉलिश किए हुए, लैमिनेटेड, वेनियर्ड या महंगे लकड़ी के फर्नीचर पर किसी भी घरेलू मिश्रण को सीधे लगाने से पहले पैच टेस्ट करना जरूरी है. सिरका और बेकिंग सोडा जैसी चीजों से कुछ फर्नीचर्स की फिनिश को नुकसान भी पहुंच सकता है.