scorecardresearch
 

India vs England 1st T20I Highlights: भारत और इंग्लैंड का पहला टी20 बारिश से धुला, श्रेयस-अभिषेक की मेहनत बेकार

India vs England 1st T20I Highlights: भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मुकाबला लगातार बारिश के कारण बिना किसी नतीजे के खत्म हो गया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 190 रन बनाए थे, लेकिन इंग्लैंड अपनी पारी शुरू नहीं कर सका. अब दोनों टीमें शनिवार को मैनचेस्टर में दूसरा टी20 खेलेंगी.

Advertisement
X
IND vs ENG 1st T20I. (Photo: PTI)
IND vs ENG 1st T20I. (Photo: PTI)

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 190 रन का मजबूत लक्ष्य रखा था, लेकिन इंग्लैंड अपनी पारी शुरू भी नहीं कर सका. लगातार बारिश और गीले मैदान की वजह से आखिरकार अंपायरों ने मैच रद्द करने का फैसला लिया. ऐसे में श्रेयस अय्यर और अभिषेक शर्मा की शानदार पारियां भी टीम के किसी काम नहीं आ सकीं.

हालांकि, बारिश रुकने का इंतजार काफी देर तक किया गया. मैच शुरू कराने के लिए कट-ऑफ समय में करीब 45 मिनट बाकी थे, लेकिन मैदान खेलने लायक नहीं बन पाया. ग्राउंड स्टाफ ने पूरे मैदान को कवर से ढक रखा था. कुछ समय बाद बारिश की रफ्तार जरूर कम हुई, लेकिन बूंदाबांदी जारी रही. ऐसे में मैदान तैयार करने के लिए पर्याप्त समय नहीं बचा और मुकाबला बिना किसी नतीजे के खत्म घोषित कर दिया गया. अगर खेल शुरू हो जाता तो 190 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता था.

चेस्टर-ले-स्ट्रीट का यह मैदान भारत के लिए एक बार फिर अधूरी कहानी लेकर आया. इससे पहले 2002 और 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ यहां खेले गए वनडे मुकाबले भी बारिश के कारण बिना नतीजे के खत्म हुए थे. अब 2026 का पहला टी20 भी उसी सूची में जुड़ गया है. दोनों टीमें अब मैनचेस्टर के लिए रवाना होंगी, जहां शनिवार को सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला खेला जाएगा.

Advertisement

ऐसी रही भारत की बैटिंग
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए सात विकेट पर 189 रन बनाए. टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही. उसने दूसरे ही ओवर में संजू सैमसन और ईशान किशन के विकेट गंवा दिए. संजू सैमसन (1 रन) को साकिब महमूद ने टॉम बैंटन के हाथों कैच आउट कराया. वहीं ईशान किशन खाता खोले बगैर रन आउट हुए. यहां से अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर के बीच तीसरे विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी हुई.

अभिषेक शर्मा ने 6 चौके और चार छक्के की मदद से सिर्फ 24 गेंदों पर 59 रन बनाए. अभिषेक ने अपना अर्धशतक सिर्फ 20 गेंदों पर ही कम्पलीट कर लिया. सैम करन ने एक धीमी गेंद पर अभिषेक को आउट किया. तिलक वर्मा (13 रन) कुछ खास नहीं कर सके और साकिब महमूद का शिकार बने. फिर श्रेयस अय्यर और शिवम दुबे ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 41 रन जोड़े. साकिब महमूद ने श्रेयस अय्यर को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा.

यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा ने रच दिया इतिहास, T20I में बनाया छक्कों का 'महारिकॉर्ड', इस धुरंधर को पीछे छोड़ा

श्रेयस अय्यर ने 6 चौके और एक छक्के की मदद से 47 गेंदों पर 68 रन बनाए. श्रेयस ने अपनी फिफ्टी 38 गेंदों पर पूरी की, जो टी20 इंटरनेशनल में उनकी सबसे धीमी फिफ्टी रही. श्रेयस के आउट होने के बाद क्रीज पर उतरे हर्षित राणा खाता भी नहीं खोल पाए और उन्हें आदिल राशिद ने चलता किया. यहां से शिवम दुबे ने कुछ बड़े शॉट्स खेलकर भारत को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया. शिवम दुबे ने 21 बॉल पर नाबाद 42 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. अक्षर पटेल (3 रन) पारी की आखिरी बॉल पर रन आउट हुए. इंग्लैंड की ओर से साकिब महमूद ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके.

Advertisement

इस मुकाबले में सबसे ज्यादा फैन्स की नजरें एक बार फ‍िर वैभव सूर्यवंशी पर थीं. सवाल था कि उनको इस मैच में मौका म‍िलेगा या नहीं. बता दें कि वैभव को एक बार फिर मौका नहीं मिला. उनके डेब्यू का इंतजार लंबा हो गया है. वैसे इंग्लैंड की टीम इस मैच के लिए अपनी प्लेइंग 11 का ऐलान पहले ही कर चुकी थी.

भारत vs इंग्लैंड (हेड टू हेड) 

  • कुल टी20I: मैच 31 
  • भारत ने जीते: 18 
  • इंग्लैंड ने जीते: 12
  • बेनतीजा: 1

चेस्टर-ले-स्ट्रीट टी20 इंटरनेशनल के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग XI: फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, ल्यूक वुड, साकिब महमूद.

चेस्टर-ले-स्ट्रीट टी20 इंटरनेशनल के लिए भारत की प्लेइंग XI: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती.

इंग्लैंड का टी20 स्क्वॉड: फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, साकिब महमूद, आदिल राशिद, ल्यूक वुड, जॉर्डन कॉक्स, जेम्स कोल्स, रेहान अहमद, सोनी बेकर

भारत का टी20 स्क्वॉड: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वॉशिंगटन सुंदर, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement