scorecardresearch
 

वाराणसी में जहांं रखे थे बैलेट पेपर, काउंटिंग से पहले रात में बंद हो गए CCTV... डीएम ने बताई ये वजह

Varanasi MLC Election Result : वाराणसी के पहड़िया मंडी स्थित स्ट्रांग रूम में मतगणना से पहले सीसीटीवी कैमरे बंद होने की खबर सामने आने के बाद निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी को लेकर सवाल उठे. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि तकनीकी समस्या के कारण कैमरे कुछ समय के लिए बंद हुए थे. डीएम के मुताबिक, स्विच में खराबी के चलते कैमरों की वायरिंग जल गई थी. वायरिंग ठीक कराने के बाद कैमरे दोबारा चालू कर दिए गए.

Advertisement
X
सीसीटीवी बंद होने की वजह का कारण डीएम ने खुद बताया (Photo: screengrab)
सीसीटीवी बंद होने की वजह का कारण डीएम ने खुद बताया (Photo: screengrab)

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना शुरू होने के पहले पहड़िया मंडी स्थित स्ट्रांग रूम के सीसीटीवी कैमरों को लेकर विवाद सामने आया है. मतगणना से पहले रात में कैमरे कुछ देर के लिए बंद होने की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई. इसके बाद जिला प्रशासन ने इसकी वजह स्पष्ट करते हुए कहा कि कैमरे तकनीकी खराबी के कारण बंद हुए थे और समस्या ठीक कर निगरानी व्यवस्था फिर से शुरू कर दी गई. यहीं स्ट्रांग रूम में वाराणसी खंड शिक्षक और खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के बैलेट पेपर रखे गए थे. ऐसे में कैमरों के बंद होने की खबर के बाद निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे.

डीएम ने बताई CCTV बंद होने की वजह

जिला प्रशासन की ओर से जारी स्पष्टीकरण के मुताबिक, लाल बहादुर शास्त्री नवीन मंडी स्थल, पहड़िया में बनाए गए स्ट्रांग रूम के सीसीटीवी कैमरे तकनीकी समस्या के कारण बंद हुए थे. प्रशासन ने बताया कि स्विच में खराबी आने के चलते कैमरों की वायरिंग जल गई थी. क्षतिग्रस्त वायरिंग को ठीक करने के बाद सीसीटीवी कैमरों को दोबारा संचालित कर दिया गया. प्रशासन के मुताबिक, जिस समय यह तकनीकी व्यवधान हुआ, उस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौके पर मौजूद थे. संबंधित प्रभारी अधिकारी और कर्मचारी भी वहां उपस्थित थे. प्रशासन ने यह भी बताया कि प्रतिनिधियों के साथ तत्काल स्ट्रांग रूम का बाहरी निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के बाद संबंधित पक्षों ने संतोष व्यक्त किया.

सपा प्रत्याशी ने बिजली कटने पर जताई थी आपत्ति

Advertisement

इससे पहले स्नातक सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी और निवर्तमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने समर्थकों के साथ मंडलायुक्त एवं निर्वाचन अधिकारी एस. राजलिंगम को ज्ञापन सौंपा था. उन्होंने पहड़िया मंडी स्थित मतगणना स्थल पर रविवार से कई बार बिजली गुल होने पर आपत्ति जताई थी. आशुतोष सिन्हा ने प्रशासन की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा था कि बिजली जाने के बाद आधे-आधे घंटे तक सीसीटीवी कैमरे बंद हो जाते हैं. उन्होंने इससे निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता प्रभावित होने की आशंका जताई थी. इस तरह कैमरों के बंद होने का मामला राजनीतिक आपत्ति और प्रशासनिक स्पष्टीकरण के बीच चर्चा का विषय बन गया.

डीएम बोले- शांतिपूर्ण ढंग से चल रही मतगणना

वाराणसी के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतगणना शुरू हो गई है. उनके मुताबिक, पूरी प्रक्रिया राजनीतिक दलों की ओर से नामित मतगणना एजेंटों और निर्वाचन कर्मचारियों की मौजूदगी में कराई जा रही है. डीएम ने कहा कि मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है. शुरुआती चरण में मतपेटियों से मतपत्र निकाले जा रहे हैं और उनके बंडल बनाए जा रहे हैं. फिलहाल सीसीटीवी कैमरों के बंद होने की घटना पर प्रशासन ने तकनीकी खराबी को वजह बताया है. वहीं, इस मुद्दे पर सपा प्रत्याशी की ओर से पहले जताई गई आपत्ति ने मतगणना स्थल की निगरानी व्यवस्था को चर्चा में ला दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement