T20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम ( Wankhede Stadium) में है, जहां भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी. मुकाबले से पहले इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर सैम करन ने भारतीय फैन्स को लेकर बड़ा बयान दिया है.
वानखेड़े स्टेडियम अपने जोशीले और शोरगुल वाले माहौल के लिए जाना जाता है. सेमीफाइनल में भी पूरी उम्मीद है कि भारतीय समर्थक टीम इंडिया के समर्थन में स्टेडियम को गुंजा देंगे. लेकिन सैम करन का इरादा कुछ और ही है.
MD-2 ⏳
— England Cricket (@englandcricket) March 3, 2026
Warming up at the Wankhede 🏟@T20WorldCup | #ENGvIND pic.twitter.com/DVLHhjyCPb
प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में करन ने कहा- यह एक शानदार और आइकॉनिक स्टेडियम है. मुझे यकीन है कि गुरुवार की रात यहां काफी शांति होगी. एक युवा क्रिकेटर के तौर पर आप भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप सेमीफाइनल खेलने का सपना देखते हैं. यहां की विकेट आमतौर पर बल्लेबाजी के लिए अच्छी होती है, मैदान छोटा है, इसलिए मुझे हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद है.
याद आए पैट कमिंस
2023 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले पैट कमिंस ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 1 लाख से अधिक भारतीय प्रशंसकों को शांत कराने की बात कही थी. फाइनल से पहले उन्होंने भीड़ को 'चुप' कराने की इच्छा जताई थी, जिसे पूरा करते हुए विराट कोहली का विकेट लिया था और सन्नाटा छा जाने को अपने करियर का सबसे सुखद पल बताया था.
भारत के खिलाफ दबाव से नहीं डरेगी इंग्लैंड
इंग्लैंड के सामने मजबूत भारतीय टीम है, लेकिन करन किसी भी तरह के दबाव में नहीं दिखे. उन्होंने कहा कि उनकी टीम भारतीय परिस्थितियों में खेलने की आदी है. टीम के ज्यादातर खिलाड़ी भारत के खिलाफ इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं और IPL में भी हिस्सा ले चुके हैं.
यह भी पढ़ें: भारत-इंग्लैंड का सेमीफाइनल बारिश से धुला तो कौन खेलेगा फाइनल, जान लीजिए ICC का हर नियम... क्या रिजर्व डे भी है?
करन ने साफ कहा कि इंग्लैंड इस बड़े मंच से घबराने वाली नहीं है. हम परफेक्ट गेम खेलना चाहते हैं. भारत शानदार टीम है, लेकिन हम भी पूरी तरह तैयार हैं. करन ने टूर्नामेंट के सफर का जिक्र करते हुए बताया कि इंग्लैंड को अलग-अलग हालात में खेलना पड़ा है. उन्होंने कहा- हमने श्रीलंका में मैच खेले, फिर यहां और कोलकाता में मुकाबले हुए. हर जगह की परिस्थितियां अलग थीं, लेकिन हमने खुद को बेहतरीन तरीके से ढाला है.
यह भी पढ़ें: T20 World Cup: लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में इंग्लैंड से टकराएगा भारत, टी20 वर्ल्ड कप में किसका पलड़ा भारी? दिलचस्प हैं आंकड़े
करन ने IPL को भी श्रेय दिया. हम सभी अब भारत में काफी क्रिकेट खेलते हैं. हमें यहां के मैदानों और परिस्थितियों की अच्छी समझ है. IPL ने इसमें बड़ी भूमिका निभाई है.”
कौन जीतेगा टी20 वर्ल्ड कप
करन ने बाकी टीमों का जिक्र करते हुए कहा कि सेमीफाइनल में पहुंची चारों टीमें सर्वश्रेष्ठ हैं. उन्होंने कहा- साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड शानदार टीमें हैं. हम भी मजबूत हैं और भारत भी. मेरा मानना है कि चारों सर्वश्रेष्ठ टीमें सेमीफाइनल में हैं. अब देखना है कि ट्रॉफी कौन ले जाता है. अब सबकी नजर 5 मार्च की रात पर है, जब वानखेड़े में शोर गूंजेगा या करन की भविष्यवाणी सच साबित होगी.