पाकिस्तान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर इमाद वसीम (Imad Wasim) ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने सोमवार रात सोशल मीडिया के जरिए बताया कि उन्होंने नायला नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली है. यह घोषणा उन्होंने अपनी पहली शादी टूटने की खबर साझा करने के दो महीने से भी कम समय बाद की. ध्यान रहे इमाद वसीम ने शादी का ऐलान भी पाकिस्तान के भारत से टी20 वर्ल्ड कप में हारने के बाद किया.
इमाद ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर लंबा पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि वह अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजरे हैं. उन्होंने कहा कि पहली शादी भले सफल नहीं रही, लेकिन उस रिश्ते से उन्हें अपने बच्चे मिले, जिन्हें वह अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा आशीर्वाद मानते हैं.
उन्होंने स्वीकार किया कि वह उम्मीद में जरूरत से ज्यादा समय तक उस रिश्ते में बने रहे और इस दौरान कुछ ऐसे फैसले किए जिनका उन्हें आज पछतावा है. इमाद ने कहा कि उनकी चुप्पी और देरी की वजह से एक निर्दोष व्यक्ति को आलोचना झेलनी पड़ी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी वह लेते हैं.
क्रिकेटर ने बताया कि अल्लाह की मेहरबानी और अपने माता-पिता की रहनुमाई से उन्होंने नायला नाम की महिला से निकाह किया है. उनके मुताबिक यह फैसला बहुत सोच-समझकर लिया गया ताकि वह शांति, स्थिरता और आपसी सम्मान पर आधारित जीवन बना सकें. उन्होंने लिखा कि नायला उनके जीवन में सुकून, गरिमा और मजबूती लेकर आई हैं.

इमाद ने अपने बच्चों का जिक्र करते हुए भावुक लहजे में कहा कि पिता होने का मतलब सिर्फ जिम्मेदारियां निभाना नहीं, बल्कि मौजूद रहना, प्यार देना और मार्गदर्शन करना भी है. उन्होंने यह भी कहा कि पूरी कोशिशों के बावजूद वह फिलहाल अपने बच्चों से मिल नहीं पा रहे हैं और उनकी सबसे बड़ी इच्छा है कि वह उनके जीवन में सक्रिय भूमिका निभा सकें.
उन्होंने अपने संदेश के अंत में लोगों से अपील की कि उनकी निजी जिंदगी को सम्मान और गोपनीयता के साथ देखा जाए. इमाद ने लिखा कि हर बात सार्वजनिक बहस का विषय नहीं होती और कई बार आगे बढ़ने का सबसे बेहतर तरीका संयम और संवेदनशीलता होता है.
पहली पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
इमाद की यह घोषणा ऐसे समय आई है जब दिसंबर के अंत में उन्होंने तलाक की जानकारी दी थी. उन्होंने अलगाव की वजह लंबे समय से चले आ रहे मतभेद बताए थे.
हालांकि, उनकी पहली पत्नी सानिया अशफाक का बयान इससे बिल्कुल अलग तस्वीर पेश करता है. उन्होंने आरोप लगाया कि शादी टूटने के पीछे 'तीसरे व्यक्ति' की मौजूदगी अंतिम कारण बनी. अशफाक ने कहा कि वह तीन बच्चों की मां हैं, जिनमें एक पांच महीने का शिशु भी शामिल है, जिसे उसके पिता ने अब तक गोद में नहीं लिया.
उन्होंने दावा किया कि उन्होंने शादी बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन कथित तौर पर तीसरे पक्ष की दखल से रिश्ता खत्म हो गया. अशफाक ने भावनात्मक प्रताड़ना, उपेक्षा और गर्भावस्था के दौरान अकेले छोड़ दिए जाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए और कहा कि उनके पास इन दावों के सबूत हैं.
2019 में हुई थी पहली शादी
इमाद वसीम और सानिया अशफाक की शादी अगस्त 2019 में इस्लामाबाद में हुई थी. दोनों की मुलाकात लंदन में हुई थी, जहां कुछ समय तक एक-दूसरे को जानने के बाद उन्होंने रिश्ते को शादी में बदलने का फैसला किया था.