श्रीलंका के दांबुला में खेली जा रही ट्राई सीरीज के बीच इंडिया ए टीम को बड़ा झटका लगा है. तेज गेंदबाज युद्धवीर सिंह चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को उनकी जगह तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को इंडिया ए टीम में शामिल करने की घोषणा की.
अशोक शर्मा ने हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में गुजरात टाइटन्स के लिए अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी से प्रभावित किया था. इसी प्रदर्शन का उन्हें अब इनाम मिला है और इंडिया ए टीम में जगह दी गई है.
🚨 News 🚨
— BCCI (@BCCI) June 16, 2026
Ashok Sharma added to India A squad for tri-series in Sri Lanka as a replacement for Yudhvir Singh.
More Details ▶️ https://t.co/Hvc2KSoBlv #TriNationSeries pic.twitter.com/jcZMZ0DDm8
BCCI की ओर से जारी बयान के मुताबिक, युद्धवीर सिंह को 13 जून को गेंदबाजी के दौरान दाएं कंधे में दर्द महसूस हुआ था. इससे पहले 11 जून को एक फील्डिंग सत्र के दौरान भी उन्हें इसी कंधे में परेशानी हुई थी. मेडिकल जांच और विशेषज्ञों से सलाह के बाद BCCI मेडिकल टीम ने उन्हें फिलहाल क्रिकेट से दूर रखते हुए रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम से गुजरने की सलाह दी है.
बोर्ड ने बताया कि युद्धवीर को दाएं कंधे में रोटेटर कफ इंजरी हुई है. उनकी पूरी रिकवरी के लिए उन्हें BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) की निगरानी में चरणबद्ध पुनर्वास कार्यक्रम से गुजरना होगा.
इंडिया ए का प्रदर्शन इस ट्राई सीरीज में अब तक निराशाजनक रहा है. टीम अपने शुरुआती दोनों मुकाबले हार चुकी है. पहले मैच में उसे अफगानिस्तान ए के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जबकि दूसरे मुकाबले में मेजबान श्रीलंका ए ने भी इंडिया ए को शिकस्त दी.
ऐसे में टीम मैनेजमेंट को उम्मीद होगी कि अशोक शर्मा की एंट्री गेंदबाजी आक्रमण को नई धार देगी और टीम वापसी करने में सफल होगी.
ट्राई सीरीज के लिए इंडिया ए का अपडेटेड स्क्वॉड: तिलक वर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकुल रॉय और अशोक शर्मा.