आईपीएल 2026 में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में उस वक्त सभी फैंस और खिलाड़ियों की सांसें अटक गईं. जब दिल्ली के स्टार गेंदबाज लुंगी एनडिगी कैच पकड़ते हुए बुरी तरह चोटिल हो गए. लेकिन एनगिडी के तुरंत इलाज के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ऐसा कारनामा किया है जो अब मिसाल बन गया है.
दरअसल, जैसे ही नई दिल्ली स्थित अरुण जेटली स्टेडियम में मेडिकल इमरजेंसी की जानकारी मिली, तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई. मैच आयोजकों से संपर्क करने पर पता चला कि घायल खिलाड़ी को तुरंत अस्पताल ले जाना जरूरी है. इसके लिए राजेंद्र नगर स्थित BLK-Max Super Specialty Hospital को चुना गया.
11 मिनट में तैयार हुआ ग्रीन कॉरिडोर
ACP ट्रैफिक (सेंट्रल) संजय सिंह ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क किया और ग्रीन कॉरिडोर बनाने के निर्देश दिए. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की टीम ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए भारी ट्रैफिक के बीच एम्बुलेंस के लिए रास्ता खाली कराया. इसका नतीजा ये रहा कि एम्बुलेंस सिर्फ 11 मिनट में अस्पताल पहुंच गई.
पीक ट्रैफिक के बावजूद इतनी तेजी से अस्पताल पहुंचना बेहद अहम साबित हुआ. इससे खिलाड़ी को समय पर इलाज मिल सका, जो ऐसी गंभीर स्थिति में बेहद जरूरी होता है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई उनकी प्रतिबद्धता और प्रोफेशनलिज्म को दिखाती है. जिस तरह से टीम ने मिलकर काम किया, वह इमरजेंसी मैनेजमेंट का बेहतरीन उदाहरण है.
यह भी पढ़ें: VIDEO: कैच की कोशिश और सिर के बल जमीन पर गिरे लुंगी एनगिडी, IPL में ऐसे हुआ भयानक हादसा
अब कैसी है लुंगी की तबीयत
लुंगी का मैक्स अस्पताल में इलाज किया गया. लेकिन राहत की बात ये रही की उन्हें कोई गंभीर इंजरी नहीं हुई है. सूत्रों की मानें तो लुंगी एनगिडी को जल्द ही अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा.
कैसै हुआ हादसा
यह घटना पंजाब की पारी यानी मुकाबले की दूसरे पारी के तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर घटी, जब अक्षर पटेल गेंदबाजी कर रहे थे और बल्लेबाजी कर रहे थे प्रियांश आर्य. प्रियांश ने मिड-ऑफ की दिशा में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की. एनगिडी कैच पकड़ने के लिए पीछे की ओर दौड़े, लेकिन कैच मिस कर बैठे और गिरते समय उनके सिर का पिछला हिस्सा जोर से जमीन पर टकराया. गिरने के बाद वह एक बार और सिर के बल पलटी खाए और दर्द से कराहने लगे. इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: 16 चौके, 9 छक्के और नाबाद 152 रन... केएल राहुल के तूफान ने कई दिग्गजों का रिकॉर्ड किया ध्वस्त
क्या रहा मैच का नतीजा
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने केएल राहुल के नाबाद 152 रनों के दम पर 264 रन बनाए थे. लेकिन पंजाब ने इस बड़े टोटल को भी 18.5 ओवर में चेज कर लिया. ये टी20 इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज है. पंजाब की टीम अबतक इस टूर्नामेंट में अजेय है और अंक तालिका में टॉप पर है.