scorecardresearch
 

नाइटक्लब विवाद के बाद एक्शन में लौटे बेन स्टोक्स, इंग्लैंड के कप्तान को मिली नई जिम्मेदारी

इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर और टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स की मैदान पर वापसी तय हो गई है. नाइटक्लब विवाद के चलते ओवल टेस्ट से बाहर रहने वाले स्टोक्स को डरहम की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है. वह नॉर्थम्पटनशायर के खिलाफ काउंटी चैम्प‍ियनश‍िप मुकाबले में खेलते नजर आएंगे, जबकि उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं अभी भी जारी हैं.

Advertisement
X
ओवल टेस्ट से बाहर, अब काउंटी क्रिकेट में दिखेगा स्टोक्स का जलवा (Photo: Reuters )
ओवल टेस्ट से बाहर, अब काउंटी क्रिकेट में दिखेगा स्टोक्स का जलवा (Photo: Reuters )

इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान और स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स एक बार फिर मैदान पर लौटने के लिए तैयार हैं. नाइटक्लब विवाद के कारण हाल ही में ओवल टेस्ट के लिए चयन से बाहर रखे गए स्टोक्स को अब डरहम की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है. वह शुक्रवार (19 जून) से चेस्टर-ले-स्ट्रीट में नॉर्थम्पटनशायर के खिलाफ शुरू होने वाले काउंटी  चैम्प‍ियनश‍िप मुकाबले में खेलते नजर आ सकते हैं.

स्टोक्स इस सीजन में डरहम के लिए अपना तीसरा मुकाबला खेलेंगे. यह मैच उसी समय खेला जाएगा जब इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच ओवल में दूसरा टेस्ट जारी रहेगा. स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में जीत के बाद टीम के निर्धारित मध्यरात्रि कर्फ्यू का उल्लंघन करने के कारण दूसरे टेस्ट के लिए चयन के दायरे से बाहर रखा गया था.

दोनों खिलाड़ी लंदन के एक नाइटक्लब में हुई घटना के बाद विवादों में घिर गए थे. इस मामले में सारासेन्स रग्बी क्लब के खिलाड़ी टोतोआ औवा भी शामिल थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक औवा ने इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के उस सुरक्षा अधिकारी पर मुक्का मारा था, जो स्टोक्स और एटकिंसन के साथ मौजूद था. इस पूरे मामले की जांच अभी जारी है.

Advertisement

स्टोक्स की वापसी ऐसे समय में हुई है जब उनके भविष्य को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं. नाइटक्लब विवाद के बाद इंग्लैंड के क्रिकेट निदेशक रॉब की और मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने उनके टेस्ट कप्तान और खिलाड़ी के रूप में भविष्य पर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है. ओवल टेस्ट में उनकी गैरमौजूदगी में अनुभवी बल्लेबाज जो रूट टीम की कप्तानी कर रहे हैं.

हालांकि डरहम ने स्टोक्स पर भरोसा जताया है और उन्हें टीम में शामिल किया है. एलेक्स लीज की कप्तानी वाली डरहम टीम इस समय काउंटी चैम्प‍ियनश‍िप  डिवीजन-2 की पॉइंट टेबल में टॉप पर काबिज है. टीम ने सात मैचों में 126 अंक हासिल किए हैं और इस सीजन अब तक एक भी मुकाबला नहीं गंवाया है. ऐसे में स्टोक्स की वापसी डरहम के लिए बड़ी मजबूती साबित हो सकती है. साथ ही यह मुकाबला इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर के लिए भी मैदान पर अपनी लय और फॉर्म हासिल करने का अहम मौका होगा.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement