scorecardresearch
 

40 साल में 38% सिकुड़े कश्मीर के ग्लेशियर, दूध गंगा में घटा पानी, श्रीनगर पर बढ़ा दबाव

कश्मीर में तेजी से सिकुड़ते ग्लेशियर और बदलती बर्फबारी का असर अब श्रीनगर की पानी सप्लाई पर दिख रहा है. दूध गंगा में घटता पानी 2 लाख से ज्यादा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है.

Advertisement
X
श्रीनगर से बहने वाली दूध गंगा नदी इस समय सूख गई है. ग्लेशियर से पानी नहीं आ रहा. (Photo: Getty)
श्रीनगर से बहने वाली दूध गंगा नदी इस समय सूख गई है. ग्लेशियर से पानी नहीं आ रहा. (Photo: Getty)

कश्मीर में जलवायु परिवर्तन का असर अब पानी की सप्लाई पर भी दिखने लगा है. पीर पंजाल के ग्लेशियर तेजी से सिकुड़ रहे हैं. सर्दियों में बर्फबारी कम हो रही है और बर्फ पहले के मुकाबले जल्दी पिघल रही है. इसका असर दूध गंगा नदी पर पड़ रहा है, जिससे श्रीनगर के 2 लाख से ज्यादा लोगों को पीने का पानी मिलता है. ऐसे में गर्मियों में पानी की कमी और तेज बारिश के दौरान पानी की सप्लाई रुकने की परेशानी बढ़ रही है.

श्रीनगर के बाग-ए-मेहताब में रहने वाली 28 साल की महक (बदला हुआ नाम) के घर में पानी जमा करने के लिए तीन टंकियां हैं. इसके बाद भी उन्हें रोज के कामों के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता. वहीं, पीर बाग की 60 साल की जमरूद ने बताया कि गर्मियों में कई बार लगातार चार दिन तक नलों में पानी नहीं आता. इससे लोगों को नहाने, कपड़े धोने और दूसरे जरूरी काम करने में परेशानी होती है.

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के नीचे फंस गई है 115 km लंबी टेक्टोनिक प्लेट, 8.1 तीव्रता के महाभूकंप का खतरा

40 साल में 38 फीसदी सिकुड़े ग्लेशियर

इंटरनेशनल जर्नल ऑफ हाइड्रोलॉजी साइंस एंड टेक्नोलॉजी में 2024 में छपे एक अध्ययन के मुताबिक, पीर पंजाल के 122 ग्लेशियरों का कुल क्षेत्रफल 1980 में 25.74 वर्ग किलोमीटर था. 2020 तक यह घटकर 15.91 वर्ग किलोमीटर रह गया. यानी 40 साल में इनके क्षेत्रफल में करीब 38 फीसदी की कमी आई. अध्ययन में यह भी पाया गया कि दक्षिण की ओर वाले ग्लेशियर उत्तर की ओर वाले ग्लेशियरों के मुकाबले ज्यादा तेजी से सिकुड़े. इससे पता चलता है कि कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में बर्फ की स्थिति तेजी से बदल रही है.

Advertisement

सर्दियों में कम बर्फबारी, जल्दी पिघल रही बर्फ

पृथ्वी वैज्ञानिक और इस्लामिक यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के कुलपति शकील रोमशू के मुताबिक, कश्मीर के ऊपरी इलाकों में पिछले चार-पांच दशकों में बर्फबारी कम हुई है. सर्दियों में तापमान बढ़ने से बर्फ पहले के मुकाबले जल्दी पिघलने लगी है.

पहले सर्दियों में जमा बर्फ अप्रैल से जुलाई के बीच धीरे-धीरे पिघलती थी. इससे गर्मियों में नदियों को पानी मिलता रहता था. अब बर्फ फरवरी और मार्च में ही तेजी से पिघलने लगती है. इससे गर्मियों में नदियों में पानी कम होने का खतरा बढ़ सकता है.

Doodh Ganga River
पिछले साल सितंबर-अक्टूबर में दूध गंगा नदी से निकलने वाली नहर में इतना पानी था. (Photo: Nishwan Rasool)

 दूध गंगा से 2 लाख से ज्यादा लोगों को पानी

दूध गंगा नदी को चाज़ कुल भी कहा जाता है. यह पीर पंजाल के ग्लेशियरों के पास करीब 4,500 मीटर की ऊंचाई से निकलती है. करीब 45 किलोमीटर का सफर तय करके यह बडगाम और पुलवामा के इलाकों से होते हुए श्रीनगर पहुंचती है. आगे चलकर यह झेलम नदी में मिल जाती है.

जल शक्ति विभाग के मुताबिक, दूध गंगा का पानी साफ करने वाला संयंत्र हर दिन 45.5 मिलियन लीटर पानी साफ कर सकता है. इससे श्रीनगर के 2 लाख से ज्यादा लोगों को पीने का पानी मिलता है. इनमें बाग-ए-मेहताब, क्रालपोरा, पीर बाग, हैदरपोरा और सनत नगर जैसे इलाके शामिल हैं.

Advertisement

विभाग की अधीक्षण अभियंता अनब्रीना अंजुम के मुताबिक, 2024 में कश्मीर में बारिश सामान्य से करीब 80 फीसदी कम रही थी. इसके कारण दूध गंगा में पानी का बहाव काफी कम हो गया और पानी की सप्लाई में रुकावट आई. पानी कम होने पर विभाग को क्रालपोरा के पंपिंग स्टेशन की मदद लेनी पड़ी.

यह भी पढ़ें: 'ब्रह्मोस ने पाकिस्तान में एकदम सटीक निशाने साधे, तीनों सेनाओं ने...' CEO ने खोले कई राज

तेज बारिश से भी रुक सकती है पानी की सप्लाई

दूध गंगा में सिर्फ पानी की कमी ही समस्या नहीं है. तेज बारिश और बादल फटने के दौरान नदी के पानी में मिट्टी और गाद बढ़ जाती है. इससे पानी साफ करने वाले संयंत्र के फिल्टर जाम हो सकते हैं. फिल्टर को नुकसान से बचाने के लिए विभाग को कुछ समय के लिए संयंत्र बंद करना पड़ सकता है. 

इस तरह लंबे समय तक बारिश न होना और अचानक बहुत तेज बारिश होना, दोनों ही पानी की सप्लाई में परेशानी पैदा कर सकते हैं. एक्सपर्ट्स  के मुताबिक, पानी की समस्या कम करने के लिए नदियों और पानी के दूसरे स्रोतों को बचाना जरूरी है. इसके साथ ही पानी का सही इस्तेमाल और इस्तेमाल किए गए पानी को दोबारा काम में लाने पर भी ध्यान देना होगा. 

Advertisement

जल शक्ति विभाग अगले 30 से 40 साल की जरूरतों को ध्यान में रखकर पानी की सप्लाई और बचत के उपायों की योजना बना रहा है. ग्लेशियरों के सिकुड़ने और बर्फबारी में बदलाव से कश्मीर में पानी की उपलब्धता पर दबाव बढ़ सकता है. ऐसे में दूध गंगा जैसे जल स्रोतों को बचाना और पानी की बेहतर व्यवस्था करना जरूरी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement