28 अगस्त को सावन पूर्णिमा के साथ ही श्रावण मास समाप्त हो जाएगा. 24 अगस्त को सावन का आखिरी सोमवार पड़ रहा है. भोलेनाथ के भक्तों के पास महादेव को मनाने का यह आखिरी सोमवार है. ऐसे में उनकी जो भी मनोकामनाएं हैं या फिर जिन भी समस्याओं का निवारण वो चाहते हैं, उनकी कामना का यह आखिरी अवसर है. इसके बाद सावन सोमवार पर महादेव की आराधना का मौका आपको एक वर्ष बाद ही मिलेगा.
इसी कड़ी में ज्योतिषाचार्य प्रवीण मिश्र ने बताया है कि जो लोग शनि की साढ़ेसाती, ढैय्या या महादशा से परेशान चल रहे हैं, वो इस आखिरी सोमवार को कुछ खास उपाय कर सकते हैं. यह उपाय करने के बाद आपको शनि से जुड़ी हर समस्या से राहत मिल सकती है.
1. भगवान शिव का जलाभिषेक करें
सावन में गंगाजल मिले पानी से भगवान शिव का अभिषेक करें. इसके बाद कम से कम 11 बेलपत्र और शमी पत्र शिवलिंग पर चढ़ाएं. गीले किए हुए अक्षत और भस्म भी अर्पित करें. फिर शिवजी की आरती करके उनसे शनि की साढ़ेसाती के नकारात्मक प्रभाव को दूर करने की प्रार्थना करें.
2. 11 जरूरतमंद लोगों को भोजन कराएं
शनिवार के दिन शिव पूजन करने के बाद दोपहर के समय 11 गरीब या जरूरतमंद लोगों को भोजन कराएं. इसे शनि की साढ़ेसाती के दौरान किए जाने वाले सेवा कार्य के रूप में बताया गया है. इसके अलावा आप शनि से जुड़ी चीजों का दान भी कर सकते हैं. आप छाता, काले तिल, सरसों का तेल, उड़द की दाल या लोहे से निर्मित चीजों का दान कर सकते हैं.
3. शनि के मंत्रों का जाप
मूल मंत्र:- ॐ शं शनैश्चराय नमः
बीज मंत्र:- ॐ प्रां प्रीं प्रौं सः शनैश्चराय नमः
वैदिक मंत्र:- ॐ निलंजन समाभासं रविपुत्रं यमाग्रजम। छायामार्तण्डसंभूतं तं नमामि शनैश्चरम॥
गायत्री मंत्र:- ॐ शनैश्चराय विदमहे छायापुत्राय धीमहि तन्नो मन्दः प्रचोदयात्
सावन के आखिरी सोमवार पूजा का शुभ मुहूर्त
अभिजीत मुहूर्त- सुबह 11:59 बजे से दोपहर 12:47 बजे तक
प्रीति योग- सूर्योदय से लेकर सुबह 07:04 बजे तक
आयुष्मान योग- सुबह 07:04 बजे से पूरे दिन