Kark Sankranti 2026: आज कर्क संक्रांति है. कर्क संक्रांति हिंदू पंचांग का एक बहुत ही महत्वपूर्ण दिन होता है. इस दिन सूर्य देव मिथुन राशि से निकलकर कर्क राशि में प्रवेश करेंगे. इसी के साथ दक्षिणायन की शुरुआत होती है, जो अगले 6 महीनों तक चलता है. इस दिन को स्नान, दान और पूजा-पाठ के लिए बहुत शुभ माना जाता है. इस दिन किए गए अच्छे काम, जैसे दान और पूजा, जीवन में सुख-शांति और समृद्धि लाते हैं.
पुण्य काल का शुभ मुहूर्त (Punya Kaal 2026 Shubh Muhurat)
पुण्य काल वह समय होता है जब पूजा-पाठ, स्नान और दान करना सबसे ज्यादा फलदायी माना जाता है. इस समय किए गए कार्यों से अधिक शुभ फल मिलता है.
स्नान-दान का मुहूर्त- सुबह 4 बजकर 12 मिनट से लेकर सुबह 4 बजकर 53 मिनट तक
कर्क संक्रांति क्यों है खास?
कर्क संक्रांति के साथ ही दक्षिणायन की शुरुआत होती है. हिंदू मान्यता के अनुसार, यह समय आत्मचिंतन, भक्ति और अच्छे कर्म करने के लिए बहुत अच्छा माना जाता है. इस दिन पूजा-पाठ और दान करने से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है और पुराने पापों का असर कम होता है. साथ ही, यह दिन प्रकृति और परिवार के प्रति आभार व्यक्त करने का भी प्रतीक है.
कर्क संक्रांति के दिन क्या करें?
- सुबह जल्दी उठकर स्नान करें. अगर नदी में स्नान संभव न हो, तो घर के पानी में गंगाजल मिलाकर नहाएं.
- स्नान के बाद सूर्य देव को जल अर्पित करें.
- मंदिर जाकर भगवान सूर्य, विष्णु और शिव की पूजा करें.
- गरीबों को भोजन, कपड़े, अनाज, गुड़ या फल दान करें.
- व्रत रखें, ध्यान करें और धार्मिक ग्रंथों का पाठ करें.
स्नान और दान का महत्व
शास्त्रों के अनुसार, इस दिन स्नान करने से शरीर और मन शुद्ध होते हैं. दान करने से नकारात्मकता दूर होती है और जीवन में सकारात्मकता आती है. जरूरतमंदों की मदद करना, गाय और पक्षियों को खाना खिलाना बहुत पुण्य का काम माना जाता है.
कर्क संक्रांति पर करें ये उपाय
सूर्य के इस गोचर के शुभ फलों को बढ़ाने और नकारात्मक प्रभावों को कम करने के लिए प्रतिदिन सुबह तांबे के लोटे से सूर्य देव को जल अर्पित करें और ऊं घृणि सूर्याय नमः मंत्र का जाप करें. इसके अलावा जरूरतमंदों को गुड़ या गेहूं का दान करना भी कल्याणकारी रहेगा.
जानें सभी 12 राशियों पर प्रभाव
मेष (Aries): सुख-सुविधाएं बढ़ेंगी और आर्थिक पक्ष मजबूत होगा. नौकरी में नए अवसर मिलेंगे, लेकिन माता की सेहत का ध्यान रखें.
वृषभ (Taurus): षडाष्टक योग के कारण सावधान रहें. सहकर्मियों से विवाद से बचें, वाणी पर नियंत्रण रखें और सोच-समझकर धन का लेन-देन करें.
मिथुन (Gemini): आर्थिक रूप से मिला-जुला समय रहेगा. अचानक धन लाभ के साथ बड़े खर्च भी हो सकते हैं. आंखों और पेट की सेहत का ख्याल रखें.
कर्क (Cancer): आत्मविश्वास और कार्यक्षमता में जबरदस्त इजाफा होगा. मान-सम्मान बढ़ेगा, लेकिन स्वभाव में गुस्सा या अहंकार लाने से बचें.
सिंह (Leo): खर्चों में भारी बढ़ोतरी हो सकती है, बजट बनाकर चलें. लंबी यात्राओं के योग हैं. कोर्ट-कचहरी के मामलों में सफलता मिलेगी.
कन्या (Virgo): समय बेहद शुभ है. रुका हुआ धन वापस मिलेगा, आय के नए स्रोत खुलेंगे और सीनियर्स के सहयोग से बड़ी इच्छा पूरी होगी.
तुला (Libra): करियर के लिए वरदान समय है. नौकरी में प्रमोशन या नए ऑफर मिल सकते हैं. अटके सरकारी काम पूरे होंगे और पिता का साथ मिलेगा.
वृश्चिक (Scorpio): भाग्य का पूरा साथ मिलेगा. धार्मिक यात्राओं में रुचि बढ़ेगी. व्यापारिक यात्राएं लाभदायक रहेंगी और छात्रों को सफलता मिलेगी.
धनु (Sagittarius): स्वास्थ्य थोड़ा कमजोर रह सकता है, खान-पान पर ध्यान दें. वाहन चलाते समय सावधानी बरतें. गूढ़ विज्ञान या रिसर्च से जुड़े लोगों को सफलता मिलेगी.
मकर (Capricorn): बिजनेस पार्टनरशिप में पारदर्शिता रखें. वैवाहिक जीवन में जीवनसाथी के साथ छोटी बातों पर विवाद या अहंकार के टकराव से बचें.
कुंभ (Aquarius): कोर्ट-कचहरी और विवादों में जीत होगी. शत्रु परास्त होंगे और नौकरी में स्थिति मजबूत होगी, लेकिन कर्ज के लेन-देन से दूर रहें.
मीन (Pisces): कार्यक्षेत्र में आपकी बुद्धि और तार्किक क्षमता की तारीफ होगी. संतान पक्ष से शुभ समाचार मिलेगा. धन और सुख-समृद्धि में वृद्धि होगी.