अगस्त का महीना शुरू होने वाला है. यह महीना श्रावण मास के साथ ही आरंभ होने जा रहा है. ऐसे में भगवान शिव की इस महीने अपने भक्तों पर विशेष कृपा रहने वाली है. इस महीने कई दुर्लभ संयोग भी बनने वाले हैं. ग्रहों की स्थिति की बात करें तो अगस्त की शुरुआत में सूर्य-गुरु कर्क, चंद्रमा-राहु कुंभ, मंगल वृषभ, बुध मिथुन, शुक्र कन्या, शनि मीन और केतु सिंह राशि में रहने वाला है. ग्रहों की स्थिति के आधार पर जानी मानी ज्योतिषविद जीतू आचार्या ने इस महीने सभी 12 राशियों का हाल बताया है. आइए जानते हैं.
मेष राशि
अगस्त का महीना मेष राशि वालों के लिए आर्थिक और करियर के लिहाज से सकारात्मक रह सकता है. धन कमाने के नए अवसर मिलेंगे और नौकरी या व्यवसाय में बदलाव की संभावना भी बन सकती है. परिवार में बच्चों के साथ बातचीत करते समय संयम रखें, क्योंकि कठोर शब्द रिश्तों में दूरी ला सकते हैं. सावन में भगवान शिव की आराधना आपके लिए विशेष फलदायी मानी गई है. सोमवार और मंगलवार को गंगाजल से शिवलिंग का अभिषेक करें और हल्दी की गांठ अर्पित करें. इससे आर्थिक परेशानियां कम होने और कार्यों में सफलता मिलने के योग बनेंगे.
वृषभ राशि
वृषभ राशि वालों के लिए अगस्त का महीना कारोबार और निवेश के लिहाज से लाभकारी रहने के संकेत दे रहा है. लंबे समय से रुका हुआ व्यापार गति पकड़ सकता है और नई साझेदारी का भी अवसर मिल सकता है. किसी अनुभवी व्यक्ति का सहयोग आपके लिए लाभदायक साबित होगा. यदि किसी निवेश से उम्मीद के मुताबिक लाभ नहीं मिला था तो इस महीने स्थिति सुधर सकती है. सावन में भस्म और इत्र मिलाकर शिवलिंग पर लेप करने तथा गंगाजल से अभिषेक करने से करियर और व्यवसाय में प्रगति के योग मजबूत होंगे.
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों के लिए अगस्त संचार, शिक्षा और करियर के लिहाज से अच्छा समय साबित हो सकता है. आपकी बातों को लोग गंभीरता से सुनेंगे और गलतफहमियां दूर होंगी. आय बढ़ाने के नए स्रोत बन सकते हैं और घर बदलने या नया घर लेने की योजना भी आगे बढ़ सकती है. विद्यार्थियों और छोटे बच्चों के लिए भी समय अनुकूल रहेगा. सावन में सोमवार और प्रदोष के दिन शहद का सेवन करना तथा छोटे बच्चों की जीभ पर शहद से 'ॐ' लिखना शुभ माना गया है. इससे वाणी और बुद्धि दोनों में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है.
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए अगस्त भावनात्मक संतुलन बनाए रखने का महीना रहेगा. छोटी-छोटी बातों को दिल पर लेने से बचें और किसी भी निर्णय में भावनाओं के बजाय व्यावहारिक सोच अपनाएं. आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर हो सकती है, लेकिन यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी. जल से जुड़े स्थानों पर अतिरिक्त सतर्क रहें. सावन में प्रतिदिन बेलपत्र पर सफेद चंदन से 'ॐ नमः शिवाय' लिखकर भगवान शिव को अर्पित करना लाभकारी रहेगा. इससे मानसिक शांति और नकारात्मकता दूर होने की संभावना है.
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए अगस्त नौकरी में प्रमोशन और प्रतिष्ठा बढ़ाने वाला महीना साबित हो सकता है. यदि आप किसी प्रतियोगी परीक्षा या सरकारी भर्ती की तैयारी कर रहे हैं तो सकारात्मक परिणाम मिलने के संकेत हैं. नौकरीपेशा लोगों को पदोन्नति या नई जिम्मेदारी मिल सकती है. हालांकि पिता के स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न करें. सावन में रुद्राक्ष की माला से प्रतिदिन 'ॐ नमः शिवाय' का जाप करें और हल्दी से लिखा 'ॐ गुरवे नमः' अपने पास रखें. इससे सफलता और सम्मान मिलने के योग मजबूत होंगे.
कन्या राशि
कन्या राशि वालों को अगस्त में व्यवसाय और रिश्तों दोनों पर विशेष ध्यान देना होगा. कारोबार में लापरवाही नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए समय पर निर्णय लेना जरूरी रहेगा. उधार दिया हुआ पैसा वापस मिलने की संभावना भी बन रही है. पारिवारिक संबंधों में अनावश्यक तनाव से बचें और सभी को पर्याप्त समय दें. सावन में एक से पांच मुखी रुद्राक्ष की पोटली बनाकर भगवान शिव को अर्पित करना शुभ रहेगा. नियमित गंगाजल से अभिषेक करने से कार्यों में आ रही रुकावटें दूर हो सकती हैं.
तुला राशि
तुला राशि वालों के लिए अगस्त यात्रा, विदेश और व्यापार के लिहाज से अच्छा समय लेकर आ सकता है. जो लोग विदेश जाने की योजना बना रहे हैं या यात्रा आधारित व्यवसाय करते हैं, उन्हें लाभ मिलने के संकेत हैं. हालांकि किसी भी यात्रा में जल्दबाजी या लापरवाही से बचना चाहिए. परिवार के साथ समय बिताने से मानसिक तनाव कम होगा. सावन में पंचमुखी रुद्राक्ष धारण करना और वाहन में गंगाजल का छिड़काव करना शुभ माना गया है. इससे यात्रा सुरक्षित रहने और कार्यों में सफलता मिलने की संभावना बढ़ेगी.
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों को अगस्त में स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होगी. संक्रमण, मौसमी बीमारियां या रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ सकती है. गुस्से पर नियंत्रण रखना भी जरूरी रहेगा, क्योंकि जल्दबाजी में लिया गया निर्णय नुकसान पहुंचा सकता है. आर्थिक मामलों में भी सोच-समझकर खर्च करें. सावन में चंदन का लेप शिवलिंग पर चढ़ाएं और प्रतिदिन सूर्योदय से पहले उठकर 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का जाप करें. इससे मानसिक शांति, स्वास्थ्य और धन संबंधी मामलों में सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं.
धनु राशि
धनु राशि वालों के लिए अगस्त साझेदारी, निवेश और विवाह संबंधी मामलों में शुभ परिणाम देने वाला महीना साबित हो सकता है. नया व्यवसाय शुरू करने या किसी के साथ मिलकर निवेश करने की योजना सफल हो सकती है. परिवार के वरिष्ठ सदस्यों या गुरु की सलाह आपके लिए लाभदायक रहेगी. वाहन चलाते समय सावधानी रखना जरूरी होगा. सावन में पर्स में एक नोट रखकर उसके चारों कोनों पर इत्र लगाएं और मौसमी फलों के रस से शिवलिंग का अभिषेक करें. इससे आर्थिक और पारिवारिक सुख में वृद्धि हो सकती है.
मकर राशि
मकर राशि वालों के लिए अगस्त मेहनत का फल दिलाने वाला महीना रहेगा. करियर में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं और आपकी छिपी हुई प्रतिभा लोगों के सामने आएगी. घुटनों और पैरों से जुड़ी समस्याओं को नजरअंदाज न करें. स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी रहेगा. सावन में शनिवार को सरसों का तेल शनि मंदिर में अर्पित करें और भोजपत्र में पंचमुखी रुद्राक्ष रखकर अपने पर्स में रखें. इससे भाग्य का साथ मिलने और करियर में नई संभावनाएं बनने के संकेत हैं.
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए अगस्त तकनीक, विदेश और करियर के क्षेत्र में अच्छे अवसर लेकर आ सकता है. आईटी, डिजिटल या टेक्नोलॉजी से जुड़े लोगों को विशेष लाभ मिलने की संभावना है. हालांकि किसी का पैसा रोककर रखना या आर्थिक मामलों में लापरवाही भविष्य में परेशानी बढ़ा सकती है. वाहन चलाते समय सावधानी रखें और जोखिम भरे स्थानों पर रील या फोटो बनाने से बचें. सावन में जरूरतमंद व्यक्ति को भोजन कराना और पंचमुखी रुद्राक्ष धारण करना आपके लिए शुभ फल देने वाला माना गया है.
मीन राशि
मीन राशि वालों के लिए अगस्त नए अवसरों और निवेश के लिहाज से अनुकूल रहने वाला है. नया कारोबार शुरू करने या किसी स्टार्टअप पर काम करने की योजना सफल हो सकती है. कमाई बढ़ेगी. विदेश से जुड़े कार्यों में भी सकारात्मक परिणाम मिलने की संभावना है. हालांकि खानपान पर नियंत्रण रखें, क्योंकि पाचन संबंधी समस्याएं परेशान कर सकती हैं. सावन में प्रतिदिन अन्न का दान करें, रुद्राक्ष धारण करें और भगवान शिव की नियमित पूजा करें. इससे आर्थिक, पारिवारिक और आध्यात्मिक जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं.