scorecardresearch
 

राजस्थान में दर्दनाक हादसा: मदरसे के सेप्टिक टैंक में जा गिरीं 13 छात्राएं, एक की मौत, स्टाफ पर एक्शन

राजस्थान के डीग जिले में एक मदरसे में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया. खुले टैंक के ऊपर खड़े होकर सफाई कर रहीं 13 छात्राएं अचानक उसमें गिर गईं. सभी को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन 17 साल की छात्रा रोहिन की मौत हो गई. पुलिस ने मदरसा स्टाफ के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
पूरे घटनाक्रम को लेकर जांच में जुटी पुलिस. (Photo: ITG)
पूरे घटनाक्रम को लेकर जांच में जुटी पुलिस. (Photo: ITG)

राजस्थान के डीग जिले में एक मदरसे में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया. खुले सेप्टिक टैंक की सफाई कर रही 13 छात्राएं अचानक उसमें गिर गईं. सभी को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया. एक 17 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई. अन्य छात्राओं का इलाज किया गया, जिनमें से नौ को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. पुलिस ने मदरसा स्टाफ के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह हादसा डीग जिले के गोपालगढ़ थाना क्षेत्र स्थित मदरसे में हुआ. मदरसा परिसर में एक पुराना और खुला सेप्टिक टैंक था, जिसका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था. उसमें पानी और गंदगी जमा हो गई थी. बताया जा रहा है कि हॉस्टल में रहने वाली 13 छात्राएं उसी टैंक की सफाई कर रही थीं.

छात्राओं ने खुले सेप्टिक टैंक के ऊपर सीढ़ी रखकर सफाई का काम शुरू किया था. इसी दौरान बैलेंस बिगड़ने से वे एक-एक कर टैंक में गिर गईं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी छात्राओं को बाहर निकाला गया.

rajasthan deeg madrasa septic tank accident one student dead 12 injured during cleaning

घायल छात्राओं को पहले सीकरी अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने 17 वर्षीय रोहिन को मृत घोषित कर दिया. वह हरियाणा की रहने वाली थी. अन्य छात्राओं की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अलवर रेफर किया गया. बाद में उपचार के बाद नौ छात्राओं को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि बाकी का इलाज जारी है. सभी छात्राएं 15 से लेकर 18 वर्ष की हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: विशाल अजगर देखते ही डरकर भागीं छात्राएं, गर्ल्स हॉस्टल में मच गई अफरा-तफरी, रिटायर्ड कर्मी ने किया रेस्क्यू

घटना की सूचना पुलिस को देर शाम मिली. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. पुलिस ने मदरसा स्टाफ के खिलाफ लापरवाही की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

डीग के एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने बताया कि देर शाम पुलिस को सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने मौके पर जाकर हालत देखे . लापरवाही के मामले की शिकायत दर्ज की गई है. एक छात्रा की मौत हुई है. अन्य सभी छात्राओं को अलवर रेफर किया गया. सुबह उनमें से 9 छात्राओं को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया.

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि छात्राओं से सेप्टिक टैंक की सफाई क्यों कराई जा रही थी, टैंक को खुला क्यों छोड़ा गया था और सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए थे. यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कार्य के लिए जिम्मेदार कौन था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement